प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार 15 अक्टूबर 2026 को विकासखंड कल्जीखाल में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 39 शिकायतें प्राप्त हुईं जिनका मौके पर निस्तारण किया गया। वहीं विभिन्न प्रमाण पत्रों के लिए 21 आवेदन प्राप्त हुए और 32 लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उनकी समस्याओं के समाधान का प्रयास किया गया। शिविर में ब्लॉक प्रमुख गीता देवी ने लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा उन्हें विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी। महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर सुनीता तोपवाल ने विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने योजनाओं की पात्रता उनके उद्देश्य और लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। इस अवसर पर ज्येष्ठ उप प्रमुख संजय सिंह पटवाल कनिष्ठ उप प्रमुख दीपक असवाल खंड विकास अधिकारी मनोज कोठारी सुपरवाइजर माया राणा सहित अन्य अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।
