प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने गुरुवार 15 अक्टूबर 2026 को राजकीय अभिलेखागार का औचक निरीक्षण कर कार्यालय में रखी विभिन्न पत्रावलियों और अभिलेखों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने रिकॉर्ड रूम में नक्शों और अन्य अभिलेखों की प्रतिलिपि लेने पहुंचे ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान रिकॉर्ड रूम में प्रिंटर और स्कैनर की व्यवस्था नहीं होने तथा पूर्व में दिए गए निर्देशों पर कार्रवाई नहीं किए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के वेतन आहरण पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगाने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को बताया कि अभिलेखों की प्रतिलिपि प्राप्त करने के लिए उन्हें बाहर निजी प्रिंटिंग प्रेस में जाना पड़ता है। इस पर जिलाधिकारी ने रिकॉर्ड रूम में प्रिंटर और स्कैनर की व्यवस्था नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए तत्काल उपकरण लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने रिकॉर्ड रूम में इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध कराने को भी कहा ताकि लोगों को कार्यालय में ही अभिलेखों की स्कैन और प्रिंट की हुई प्रतिलिपि मिल सके। इससे ग्रामीणों को अभिलेखों की प्रतिलिपि प्राप्त करने के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें अनावश्यक परेशानी से राहत मिलेगी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को रिकॉर्ड रूम के बाहर अभिलेखों की स्कैनिंग और प्रिंटिंग के लिए निर्धारित शुल्क की दर सूची स्पष्ट रूप से चस्पा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जानकारी मिली कि अभिलेखों की फोटोकॉपी कराने के लिए लोगों को निजी प्रिंटिंग प्रेस जाना पड़ता है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित निजी प्रिंटिंग प्रेस का भी निरीक्षण किया। वहां फोटोकॉपी की दर सूची चस्पा नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई और तत्काल दर सूची लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक प्रकार की फोटोकॉपी का शुल्क स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने को कहा ताकि लोगों को निर्धारित दरों की जानकारी मिल सके। जिलाधिकारी ने बताया कि पूर्व में रिकॉर्ड रूम के निरीक्षण के दौरान भी प्रिंटर और स्कैनर लगाने के निर्देश दिए गए थे लेकिन इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की गई। निर्देशों की अनदेखी को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के वेतन आहरण पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभिलेखों की प्रतिलिपि प्राप्त करने के लिए आने वाले लोगों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए और उन्हें निर्धारित शुल्क पर कार्यालय में ही आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। निरीक्षण के दौरान वैयक्तिक अधिकारी चंदन शाह मुख्य प्रशासनिक अधिकारी डीएस पुंडीर और नाजिर खेम चंद्र कुमाई उपस्थित रहे।
