प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 15 अक्टूबर 2026 को पीएम श्री राजकीय कन्या इंटर कॉलेज ज्वालापुर में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस दौरान छात्राओं को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए सोलर ड्यूल हैंडपंप और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए मंच शेड का उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही विद्यालय परिसर में डेटॉल स्कूल हाइजीन एजुकेशन प्रोग्राम का शुभारंभ भी किया गया। सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 18 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने विद्यालय की प्रधानाचार्य पूनम राणा स्थानीय पार्षद निशा पुंडीर और अन्य गणमान्य अतिथियों के साथ संयुक्त रूप से रिबन काटकर तथा हैंडपंप का संचालन करके किया। इस अवसर पर अतिथियों का पुष्पगुच्छ और फूलमालाओं से स्वागत किया गया। कार्यक्रम में डेटॉल इंडिया स्कूल हाइजीन एजुकेशन प्रोग्राम के बैनर और शिलापट का अनावरण भी किया गया। 15 अक्टूबर को वैश्विक हाथ धुलाई दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने छात्राओं शिक्षकों और उपस्थित लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 की थीम ‘बी अ हैंडवॉशिंग हीरो’ यानी ‘हाथ धोने के नायक बनें’ स्वच्छता और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि साबुन और पानी से नियमित रूप से हाथ धोना एक छोटी लेकिन बेहद महत्वपूर्ण आदत है। यह बच्चों को अनेक बीमारियों से बचाने में सहायक है। भोजन से पहले और शौचालय के उपयोग के बाद साबुन से अच्छी तरह हाथ धोने से दस्त डायरिया और संक्रमण से होने वाली बीमारियों का खतरा काफी कम किया जा सकता है। कैबिनेट मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित स्वच्छ भारत मिशन का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं और शिक्षकों से हाथ धोने की सही आदत अपनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने हाथों की हथेलियों उंगलियों के बीच और नाखूनों की अच्छी तरह सफाई करते हुए कम से कम 20 सेकंड तक साबुन से हाथ धोने के महत्व पर भी जोर दिया। कार्यक्रम का संचालन रश्मि डबराल ने किया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार डेटॉल के जिला प्रभारी प्रकाश नेगी मंडल अध्यक्ष राजेंद्र कटारिया विद्यालय की प्रधानाचार्य पूनम राणा और पार्षद निशा पुंडीर सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के संकल्प के साथ हुआ।
