Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के साथ ही पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने गुरुवार 15 अक्टूबर 2026 को पुलिस लाइन पौड़ी में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की। गोष्ठी में जनपद में घटित अपराधों और लंबित विवेचनाओं के साथ ही कानून व्यवस्था की स्थिति जनसुरक्षा यातायात प्रबंधन महिला एवं बाल सुरक्षा नशा उन्मूलन अभियान आगामी त्योहारी सीजन तथा पुलिसिंग की गुणवत्ता से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान समस्त राजपत्रित अधिकारी थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। एसएसपी ने अधिकारियों को अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई करने और जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। एसएसपी सर्वेश पंवार ने अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने और वांछितों की गिरफ्तारी में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अपराध नियंत्रण को प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। एनडीपीएस के मामलों में कार्रवाई नहीं करने वाले थाना प्रभारियों को फटकार लगाते हुए उन्होंने मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने और एनडीपीएस अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नशा तस्करों के साथ ही उनके नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार करने और नशे के विरुद्ध जनजागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए एसएसपी ने बाजारों धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी सर्किल अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहकर सुरक्षा व्यवस्थाओं की स्वयं निरंतर निगरानी करने को कहा। जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को सतर्क रहने और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने उनके निस्तारण में तेजी लाने को कहा। सितंबर माह में प्राप्त 85 शिकायतों में से 56 का निस्तारण किया जा चुका है जबकि शेष 29 शिकायतें लंबित हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गुमशुदगी के मामलों की समीक्षा के दौरान सभी थाना प्रभारियों को त्वरित कार्रवाई करते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने ई-एफआईआर को भी प्राथमिकता के आधार पर दर्ज करने को कहा। लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने और गंभीर अपराधों की जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए त्वरित कार्रवाई और तकनीकी साक्ष्य संकलन पर जोर दिया गया। एसएसपी ने आमजन को साइबर ठगी के प्रति जागरूक करने और साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने को कहा। महिला एवं बाल सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई करने और पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। एसएसपी ने थाना स्तर पर अभिलेखों और लंबित कार्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए। सितंबर माह में जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 20 पुलिस कार्मिकों को एसएसपी सर्वेश पंवार ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में उपनिरीक्षक वेदप्रकाश विनोद कुमार राजाराम डोभाल राजेश असवाल और रणजीत तोमर शामिल रहे। इनके अलावा अपर उपनिरीक्षक प्रवेश कुमार अहसान अली और अनिल कुमार को सम्मानित किया गया। मुख्य आरक्षियों में करण यादव चरण सिंह हरीशी लिंगवाल मनोज बमसुआल संतोष कुमार पंकज कुमार शर्मा और रोहित वर्मा संचार शामिल रहे। आरक्षियों में अवनीश राणा मुकेश आर्या और राकेश गुंसाई को सम्मानित किया गया। फायरमैन ओम प्रकाश को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज ठाकुर अपर पुलिस अधीक्षक संचार अनूप काला क्षेत्राधिकारी श्रीनगर तपेश कुमार क्षेत्राधिकारी कोटद्वार अस्मिता मंमगाई क्षेत्राधिकारी सदर पौड़ी दिव्येश उपाध्याय अभियोजन अधिकारी जावेद अहमद और सीएफओ राजेंद्र खाती सहित समस्त थाना प्रभारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *