प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के अभियान के तहत लोक निर्माण विभाग के अपर सचिव विनीत कुमार ने जनपद टिहरी गढ़वाल में विभिन्न सड़कों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर सड़कों पर चल रहे पैचवर्क और मरम्मत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि जनपद में 54 सड़कों के कुल 530 किलोमीटर हिस्से को पैचवर्क के लिए चिह्नित किया गया है। इनमें से 14 अक्टूबर की शाम तक 461 किलोमीटर सड़क पर पैचवर्क का कार्य पूरा हो चुका था। अपर सचिव ने शेष कार्य जल्द पूरा करने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता केएस नेगी सहित संबंधित अधिकारियों ने अपने-अपने डिवीजनों में चल रहे कार्यों की जानकारी दी। समीक्षा के दौरान ऋषिकेश–उत्तरकाशी गंगोत्री मोटर मार्ग एनएच-34 और पौड़ी–देवप्रयाग–गजा–जाजल मोटर मार्ग के साथ खाराखाल–कुड़ी–भौन–गुरियाली–रानीचौरी–डांडाचली–गजा–नकोट–पागरखाल राज्य मार्ग तथा रानीचौरी–बादशाहीथौल और चंबा–कोटी कॉलोनी मोटर मार्ग सहित अन्य सड़कों की स्थिति पर चर्चा की गई। एनएच-34 पर भद्रकाली से खाड़ी तक पैचवर्क का कार्य पूरा किया जा चुका है। वहीं किलोमीटर 12 और नरेंद्रनगर बाईपास के दोनों जंक्शनों के साथ आगराखाल बाजार तथा मुनि की रेती सहित कई स्थानों पर मरम्मत की आवश्यकता बताई गई। अपर सचिव ने अधिकारियों को इन स्थानों पर आवश्यक मरम्मत कार्य जल्द कराने के निर्देश दिए। मुनिकीरेती बाईपास के नटराज से भद्रकाली तक 2.70 किलोमीटर हिस्से में पैचवर्क किया गया है। कुंभ मेला 2027 को देखते हुए इस मार्ग पर डामरीकरण के लिए निविदा प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए। ऋषिकेश–गंगोत्री आंतरिक मोटर मार्ग पर कई स्थानों पर सड़क की सतह असमान पाई गई। सीवर लाइन बिछाने के कारण प्रभावित हुए हिस्सों में भी सुधार करने के निर्देश दिए गए। पौड़ी–देवप्रयाग–गजा–जाजल मोटर मार्ग पर खाड़ी से डाबराखाल तक पैचवर्क और झाड़ी कटान का कार्य किया गया है। खाराखाल–पागरखाल राज्य मार्ग पर पैच मरम्मत की समीक्षा के दौरान स्पीड ब्रेकर पर निर्धारित मानकों के अनुसार थर्मोप्लास्टिक पेंट कराने के निर्देश दिए गए। इस मार्ग पर किलोमीटर 4 में इंटरलॉकिंग टाइल्स से मरम्मत का कार्य अंतिम चरण में है। वहीं किलोमीटर 5 पर सीमेंट कंक्रीट काजवे के ऊपरी हिस्से में तत्काल पैचवर्क कराने को कहा गया। रानीचौरी–बादशाहीथौल मोटर मार्ग के 2.80 किलोमीटर हिस्से में मरम्मत कार्य पूरा पाया गया और इसकी स्थिति संतोषजनक बताई गई। वहीं चंबा–कोटी कॉलोनी मोटर मार्ग के किलोमीटर 0 से 12 तक मरम्मत कार्य जारी है। अपर सचिव विनीत कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चिह्नित स्थानों पर मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं। सभी कार्यों में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए और नियमित निरीक्षण के माध्यम से गुणवत्ता की जांच की जाए। उन्होंने सड़क मरम्मत कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया ताकि आमजन को सुरक्षित और बेहतर सड़क सुविधा मिल सके।
