प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनगणना 2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना की तैयारियों के तहत कलेक्ट्रेट सभागार में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले दिन फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर्स जिले के पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों को प्रशिक्षण देंगे। इसके बाद प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य संपन्न करेंगे। इस चरण में प्रत्येक व्यक्ति से निर्धारित प्रश्नावली के अनुसार 40 सवाल पूछकर आवश्यक जानकारियां संकलित की जाएंगी। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर एवं खंड शिक्षाधिकारी एकेश्वर गुंजन अमरोही ने कहा कि जनगणना केवल सरकारी ड्यूटी नहीं बल्कि राष्ट्रीय महत्व की जिम्मेदारी है। जनगणना से प्राप्त आंकड़े देश और समाज की वास्तविक स्थिति को समझने के साथ ही भविष्य की योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने फील्ड ट्रेनर्स से कहा कि वे जनगणना के निर्धारित प्रश्नों को सही तरीके से पूछने और निष्पक्षता के साथ जानकारी जुटाने की प्रक्रिया को समझें। उत्तरदाताओं से प्राप्त जानकारी को नियमानुसार दर्ज किया जाए ताकि आंकड़ों की विश्वसनीयता बनी रहे। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान आपसी समन्वय बनाए रखने और धार्मिक एवं सामाजिक विविधता के प्रति संवेदनशील रहने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनगणना के कार्य में प्रत्येक व्यक्ति से सही जानकारी प्राप्त करना महत्वपूर्ण है। इसलिए प्रशिक्षकों को निर्धारित प्रक्रिया और दिशा-निर्देशों की जानकारी होना आवश्यक है ताकि वे आगे पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों को भी सही तरीके से प्रशिक्षित कर सकें। जनगणना निदेशालय से आए मास्टर ट्रेनर कमल कर्नाटक ने प्रशिक्षण के दौरान जनगणना की प्रक्रिया और निर्धारित प्रश्नावली के अनुरूप जानकारी संकलित करने के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करना आवश्यक है। प्रगणक प्रत्येक व्यक्ति से प्रश्नावली के अनुसार जानकारी प्राप्त करें और उसे सावधानीपूर्वक दर्ज करें ताकि आंकड़ों में त्रुटि की संभावना कम रहे। उन्होंने फील्ड में कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए प्रशिक्षण में बताई गई प्रक्रिया का पालन करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनगणना के दौरान सही जानकारी का संकलन और उसका व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार करना महत्वपूर्ण है। इसके लिए सभी संबंधित कार्मिकों को अपने दायित्वों का निर्वहन सावधानी और जिम्मेदारी के साथ करना होगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर राकेश पोखरियाल जिला प्रभारी जनगणना शिव कुमार एवं वीरेंद्र कुमार तथा फील्ड ट्रेनर प्रदीप बिष्ट और मेहरबान सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
