प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। दीनदयाल उपाध्याय मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के अंतर्गत जनपद टिहरी गढ़वाल के नैनबाग से 28 सदस्यीय वरिष्ठ श्रद्धालुओं का दल पांच दिवसीय धार्मिक यात्रा के लिए गंगोलीहाट पिथौरागढ़ रवाना हुआ। जिला पंचायत सदस्य नैनबाग राम दयाल शाह और क्षेत्र पंचायत सदस्य नरेंद्र सिंह पंवार ने हरी झंडी दिखाकर श्रद्धालुओं के दल को रवाना किया। जिला पर्यटन विकास अधिकारी सोबत सिंह राणा ने बताया कि पांच दिवसीय धार्मिक यात्रा के दौरान श्रद्धालु गंगोलीहाट और आसपास के विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे। यात्रा को सुविधाजनक बनाने के लिए श्रद्धालुओं के आने-जाने हेतु उत्तराखंड परिवहन निगम की बस की निःशुल्क व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही यात्रा के दौरान दल के साथ एक गाइड भी रहेगा जो श्रद्धालुओं को यात्रा में आवश्यक सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं के ठहरने और भोजन की व्यवस्था गढ़वाल मंडल विकास निगम तथा कुमाऊं मंडल विकास निगम की ओर से निःशुल्क की जाएगी। इस व्यवस्था से वरिष्ठ नागरिकों को धार्मिक स्थलों के दर्शन करने में सुविधा मिलेगी और यात्रा के दौरान आवास एवं भोजन को लेकर किसी प्रकार का आर्थिक बोझ नहीं उठाना पड़ेगा। जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने बताया कि चालू वर्ष में इस योजना के तहत अब तक 125 से 130 श्रद्धालुओं को विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा कराई जा चुकी है। इनमें बदरीनाथ गंगोत्री रीठा मीठा साहिब जागेश्वर कालीमठ और गंगोलीहाट सहित प्रदेश के विभिन्न प्रमुख धार्मिक स्थल शामिल हैं। दीनदयाल उपाध्याय मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना का उद्देश्य 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों की निःशुल्क यात्रा का अवसर उपलब्ध कराना है। इस योजना के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को प्रदेश के धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व वाले स्थलों के दर्शन करने का अवसर मिल रहा है।
