Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में फसलों की औसत उपज और कुल उत्पादन के सटीक आंकड़े जुटाने के लिए संचालित क्रॉप कटिंग प्रयोगों के तहत मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने शुक्रवार को नागणी क्षेत्र के ग्राम जड़धार में धान की फसल की क्रॉप कटिंग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने स्वयं क्रॉप कटिंग कराकर प्राप्त उपज का जायजा लिया और संबंधित कृषक से फसल की स्थिति तथा उत्पादन के संबंध में जानकारी ली। राजस्व विभाग की ओर से कृषक कुलदीप थापा के खेत में 6×5 वर्ग मीटर और 10×3 वर्ग मीटर के दो प्लॉट तैयार किए गए थे। इन दोनों प्लॉटों से क्रमशः 21 किलो 700 ग्राम और 18 किलो 800 ग्राम धान प्राप्त हुआ। पहले प्लॉट से प्राप्त उपज में से 5 किलो धान अलग रखा गया। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फसल को सुखाने के बाद 15 दिन पश्चात उपज का वास्तविक आकलन किया जाएगा। क्रॉप कटिंग प्रयोग की पूरी प्रक्रिया सीसीई एग्री ऐप के माध्यम से दर्ज की गई। मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने संबंधित कार्मिकों से धान की किस्म और बीज के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि क्रॉप कटिंग के प्रयोग निर्धारित मानकों के अनुसार पूरी पारदर्शिता और सटीकता के साथ संपन्न कराए जाएं। उन्होंने कहा कि क्रॉप कटिंग से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर फसलों की औसत उपज और कुल उत्पादन का आकलन किया जाता है। इन आंकड़ों का उपयोग फसल क्षति की स्थिति में मुआवजा और फसल बीमा की राशि निर्धारित करने में भी किया जाता है। इसलिए क्रॉप कटिंग प्रयोगों को सही तरीके से संपन्न कराना जरूरी है ताकि वास्तविक उपज के सटीक आंकड़े प्राप्त हो सकें। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं। ग्रामीणों ने उनके समक्ष क्षतिग्रस्त गूल के पुनर्निर्माण की मांग रखी। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इच्छुक किसानों को विभागीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के अवसर पर कानूनगो चंबा महिपाल पुंडीर और पटवारी धनपाल मेहरा सहित दिनेश काला तथा भुवनेश प्रसाद समेत ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *