प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में नगरपालिका क्षेत्र के अनकैप्ड एरिया में सीवर और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीवर लाइनों और पेयजल पाइप लाइनों की स्थिति के साथ ही नालों की टैपिंग तथा जल निकासी से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर सीवर और पेयजल की लाइनें एक साथ बिछी हुई हैं वहां दोनों लाइनों को अलग करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने सीवर और पेयजल लाइनों का स्थलीय निरीक्षण कर तकनीकी समस्याओं का आकलन करने तथा आवश्यकतानुसार पाइप लाइनों को व्यवस्थित करने सहित सुधार कार्य कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन कार्यों का उद्देश्य पेयजल की शुद्धता बनाए रखना और सीवर का पानी पेयजल में मिलने की आशंका को समाप्त करना है। जिलाधिकारी ने क्षेत्र में खुले नालों के माध्यम से सीवर के पानी की निकासी रोकने के लिए नालों की टैपिंग कराने और सीवर लाइनों को उचित निकासी व्यवस्था से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने जलभराव वाले स्थानों को चिह्नित कर उनके समाधान के लिए कार्ययोजना तैयार करने को भी कहा। इसके साथ ही क्षतिग्रस्त पाइप लाइनों और सीवर चैंबरों तथा नालियों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित सफाई सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि गंदे पानी की निकासी सुचारू रहनी चाहिए ताकि स्थानीय लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और आवश्यक सुधार कार्यों की प्राथमिकता तय करने के निर्देश दिए। उन्होंने समस्या वाले स्थानों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही निर्देशित किया कि प्रत्येक कार्य शुरू होने से पहले और कार्य पूरा होने के बाद की तस्वीरें उपलब्ध कराई जाएं ताकि कार्यों की वास्तविक स्थिति और प्रगति का आकलन किया जा सके। बैठक में अधिशासी अभियंता जल संस्थान प्रशांत भारद्वाज सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
