Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद देहरादून में 18 अक्टूबर 2026 रविवार को आयोजित होने वाली पशुधन प्रसार अधिकारी एवं सर्वेक्षक की लिखित परीक्षा के सफल निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संचालन के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा की शुचिता और गोपनीयता बनाए रखने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के के मिश्रा की अध्यक्षता में कोषागार सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेटों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा के सुचारू संचालन और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। जनपद में पशुधन प्रसार अधिकारी और सर्वेक्षक के पदों के लिए लिखित परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली में पशुधन प्रसार अधिकारी की परीक्षा के लिए जनपद में कुल 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 8957 अभ्यर्थी शामिल होंगे। यह परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित की जाएगी। दूसरी पाली में सर्वेक्षक पद के लिए लिखित परीक्षा जनपद के चार परीक्षा केंद्रों पर होगी। इसमें कुल 1535 अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे। सर्वेक्षक की परीक्षा अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। दोनों परीक्षाओं में कुल 10492 अभ्यर्थी शामिल होंगे। अपर जिलाधिकारी के के मिश्रा ने सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए कि सभी अधिकारी और कार्मिक परीक्षा से संबंधित अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ करें। परीक्षा के दौरान आयोग की ओर से निर्धारित दिशा-निर्देशों और मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता पारदर्शिता गोपनीयता और शांतिपूर्ण संचालन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर समयबद्ध व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और संबंधित अधिकारियों तथा कार्मिकों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न नहीं होने देने को कहा। अपर जिलाधिकारी ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया कि परीक्षा संपन्न होने के बाद आयोग के निर्धारित मानकों और प्रक्रिया के अनुसार मूल ओएमआर शीट तथा नमूना सील सहित परीक्षा से संबंधित गोपनीय सामग्री कोषागार में सुरक्षित जमा कराई जाए। उन्होंने गोपनीय सामग्री के रखरखाव परिवहन और जमा करने के दौरान निर्धारित प्रक्रिया का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने को कहा ताकि परीक्षा की गोपनीयता और विश्वसनीयता बनी रहे। जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचें और परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए अनुशासन बनाए रखें। परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन इलेक्ट्रॉनिक गैजेट और किसी भी प्रकार के अनुचित साधनों का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने से पहले आयोग की ओर से जारी निर्देशों का भली-भांति अवलोकन करने और परीक्षा केंद्र पर निर्धारित नियमों का पालन करने की सलाह दी गई है। जिला प्रशासन ने दोनों परीक्षाओं के निष्पक्ष पारदर्शी और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारियों और कार्मिकों को अपने निर्धारित दायित्वों का पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में उप कोषाधिकारी भरत सिंह मेवाड़ और उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से बृजलाल बहुगुणा तथा सुभाष चंद्र घिल्डियाल सहित परीक्षा के लिए नियुक्त सेक्टर मजिस्ट्रेट और संबंधित अधिकारी तथा कार्मिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *