Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 की तैयारियों के तहत जनपद में मतदाता जागरूकता बढ़ाने और मतदान प्रतिशत में वृद्धि करने के लिए मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में स्वीप यानी व्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता गतिविधियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार अभियान संचालित करने और पिछले निर्वाचन में कम मतदान वाले बूथों पर विशेष रूप से जागरूकता कार्यक्रम चलाने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ना और उसे स्वतंत्र तथा निर्भीक होकर मतदान करने के लिए प्रेरित करना आवश्यक है। उन्होंने ग्राम पंचायत विकास योजना यानी जीपीडीपी की बैठकों में स्वीप की शपथ दिलाने और पात्र लोगों का मतदाता सूची में पंजीकरण कराने के लिए फार्म-6 भरवाने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदाता जागरूकता के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया। स्कूल और कॉलेजों में नियमित जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश देते हुए सीडीओ ने शिक्षा विभाग से विद्यालयों में रैली नुक्कड़ नाटक शपथ पोस्टर निबंध स्लोगन और अन्य कार्यक्रम आयोजित कराने को कहा। सभी विद्यालयों को 31 अक्टूबर तक कम से कम एक गतिविधि आयोजित कर उससे संबंधित फोटो और वीडियो उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। उत्कृष्ट गतिविधियां आयोजित करने वाले विद्यालयों को राज्य स्थापना दिवस पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। महाविद्यालयों में प्रत्येक 15 दिन में कम से कम एक स्वीप गतिविधि आयोजित की जाएगी। विद्यार्थियों को अभियान से जोड़ने के लिए कैंपस एंबेसडर भी बनाए जाएंगे। जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग को युवक मंगल दलों और महिला मंगल दलों के माध्यम से प्रत्येक माह कम से कम एक स्वीप गतिविधि आयोजित कराने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक विकासखंड से एक महिला मंगल दल और एक युवक मंगल दल की उत्कृष्ट गतिविधि का चयन कर उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। खंड विकास अधिकारियों को विकासखंडों के खाली भवनों पर मतदाता जागरूकता संबंधी पेंटिंग कराने और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं तथा बच्चों के माध्यम से भी प्रचार-प्रसार करने को कहा गया। समाज कल्याण विभाग को वृद्ध और दिव्यांग मतदाताओं की सूची तैयार करने के साथ ही उनके लिए एंबेसडर नामित करने के निर्देश दिए गए। ये एंबेसडर संबंधित मतदाताओं की आवश्यकताओं और मतदान से जुड़ी जानकारी का ध्यान रखेंगे। लीड बैंक अधिकारी को बैंकों तथा डाकघरों में बूथ लेवल अधिकारियों यानी बीएलओ की सूची उपलब्ध कराने और इनके माध्यम से मतदाता जागरूकता संदेश प्रसारित करने को कहा गया। स्वास्थ्य विभाग को एलोपैथिक और आयुर्वेदिक अस्पतालों में मरीजों को दी जाने वाली पर्चियों पर स्वीप से संबंधित जागरूकता स्लोगन अंकित कराने के निर्देश दिए गए। इससे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचने वाले लोगों तक मतदान का संदेश पहुंचाया जा सकेगा। खेल विभाग को खेल गतिविधियों के दौरान मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाने और अन्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने को कहा गया। स्वास्थ्य विभाग को भी नियमित रूप से जागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए गए। सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से अभियान संचालित करने और आयोजित गतिविधियों की प्रगति का विवरण संकलित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता जागरूकता कार्यक्रम निष्पक्ष समावेशी और गैर-पक्षपातपूर्ण होने चाहिए ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता बिना किसी दबाव के स्वतंत्र रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। बैठक में जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम जिला पंचायत राज अधिकारी एम एम खान सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विजय तिवारी एलडीएम मनीष मिश्रा और डीओ पीआरडी रविंद्र फोनिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *