प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के आदेशानुसार जनपद में गुटखा और प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रभावी रोकथाम के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 16 अक्टूबर 2026 को कोतवाली नगर हरिद्वार पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत खड़खड़ी भूपतवाला भीमगोड़ा और आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री के संबंध में कार्रवाई करते हुए संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम यानी कोटपा के तहत चालान की कार्रवाई की। पुलिस ने दुकानदारों को भविष्य में प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री नहीं करने की सख्त हिदायत भी दी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में कोई दुकानदार प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री करते हुए पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दुकानदारों से प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री से दूर रहने की अपील की है। हरिद्वार पुलिस ने बताया कि गुटखा और प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
