Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड खिर्सू के राजकीय इंटर कॉलेज कठुली में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लोक निर्माण विभाग लोनिवि जल संस्थान और वन विभाग से संबंधित शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। वहीं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से 70 ग्रामीणों को लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ज्येष्ठ उप प्रमुख नितिन रावत ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों से ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर उनका निस्तारण करने को कहा। उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविर ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खंड विकास अधिकारी रोशन लाल ने कहा कि बहुउद्देशीय शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उनकी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। इससे ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ते हैं। शिविर में ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। इस दौरान विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को विभागीय सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया। इस अवसर पर राजकीय इंटर कॉलेज कठुली के प्रधानाचार्य ब्रह्मानंद आर्य सहायक समाज कल्याण अधिकारी पंकज मेंदोली सहायक विकास अधिकारी पंचायत कुंदन सिंह पुंडीर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *