Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह के तहत टिहरी गढ़वाल पुलिस की ओर से आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मां कुंजापुरी मेले के मंच से गढ़वाली कविताओं के माध्यम से लोगों को साइबर सुरक्षा का संदेश दिया गया। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय भाषा और कविता के माध्यम से साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को सरल और प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाना रहा। यह अभियान गृह मंत्रालय भारत सरकार के भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र आई4सी की पहल और पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड के निर्देशों के तहत संचालित किया जा रहा है। एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देशन में मातृभाषा गढ़वाली के माध्यम से लोगों को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने के प्रति जागरूक किया गया। मां कुंजापुरी मेले के मंच से दी गई इस जानकारी में बैंक धोखाधड़ी फर्जी कॉल ओटीपी धोखाधड़ी और सोशल मीडिया से जुड़े साइबर अपराधों के बारे में बताया गया। लोगों को व्हाट्सएप फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सुरक्षित उपयोग करने के लिए भी जागरूक किया गया। टिहरी पुलिस ने आमजन से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी एटीएम या डेबिट कार्ड की जानकारी पिन पासवर्ड अथवा बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा न करें। अनजान लिंक संदिग्ध वेबसाइट एपीके फाइल और अज्ञात व्यक्तियों की ओर से भेजे गए संदिग्ध संदेशों पर क्लिक करने से बचें। पुलिस ने सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारी फोटो और अन्य संवेदनशील विवरण साझा करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी। साथ ही अनजान फ्रेंड रिक्वेस्ट और संदेशों से सतर्क रहने को कहा। लोगों से फर्जी कॉल संदिग्ध संदेशों और आकर्षक ऑनलाइन ऑफर के झांसे में नहीं आने तथा किसी भी ऑनलाइन लेन-देन से पहले संबंधित जानकारी का सत्यापन करने की अपील की गई। टिहरी पुलिस ने बताया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा आधिकारिक पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर शिकायत करें। पुलिस ने लोगों से साइबर अपराधों से बचाव संबंधी जानकारी अपने मित्रों परिजनों रिश्तेदारों और ग्रामवासियों तक पहुंचाने की अपील भी की ताकि अधिक से अधिक लोग जागरूक होकर साइबर ठगी से सुरक्षित रह सकें। टिहरी पुलिस ने आमजन से डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय सतर्कता और सावधानी बरतने की अपील की। पुलिस के अनुसार साइबर अपराधी लगातार ठगी के नए-नए तरीके अपना रहे हैं। ऐसे में जागरूकता सतर्कता और समय पर शिकायत साइबर अपराधों से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। पुलिस ने संदेश दिया कि सतर्क रहें और सुरक्षित रहें ताकि साइबर जागरूक उत्तराखंड और सुरक्षित डिजिटल उत्तराखंड के लक्ष्य को साकार किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *