प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। ऐतिहासिक 50वें सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले 2026 के तहत आयोजित पुरुष ओपन वॉलीबॉल प्रतियोगिता में इंडियन आर्मी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में इंडियन आर्मी ने एलएनआईपी ग्वालियर को सीधे सेटों में 2-0 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। प्रतियोगिता में विजेता टीम को एक लाख एक हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि और ट्रॉफी प्रदान की गई। मेले के स्वर्ण जयंती वर्ष में आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर की 20 प्रतिष्ठित टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल दमखम और टीम भावना का प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में इंडियन आर्मी के खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल और दमदार खेल के दम पर एलएनआईपी ग्वालियर की टीम को मात देकर खिताब पर कब्जा जमाया। समापन समारोह में क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल और नगरपालिका अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। दोनों ने संयुक्त रूप से विजेता इंडियन आर्मी की टीम को एक लाख एक हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि और ट्रॉफी प्रदान की। वहीं उपविजेता एलएनआईपी ग्वालियर की टीम को 51 हजार रुपये की पुरस्कार राशि और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। मेला समिति की ओर से दोनों टीमों को 15-15 हजार रुपये का यात्रा भत्ता भी दिया गया। प्रतियोगिता में शिव रुड़की एलएनआईपी ग्वालियर यूके एकेडमी ए एवं बी मानस स्पोर्ट्स एकेडमी श्रीनगर ब्वॉयज आर्मी क्लब रानीपोखरी कुरुक्षेत्र इंडियन आर्मी हैरी क्लब पीजी ऋषिकेश मनी क्लब जौली ग्रांट पीपीएस श्यामपुर डुमाधार मेरठ यूरी इंटरनेशनल स्पोर्ट्स हॉस्टल लखनऊ और जालंधर सहित विभिन्न टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में दिनेश उनियाल यशपाल राणा विक्रम सिंह रावत राजपाल पुंडीर महेश गोसाई रमेश असवाल राजू भारती भगवान सिंह राणा धूम सिंह नेगी और सूर्य प्रकाश जोशी सहित आयोजन समिति के सदस्यों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
