प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 की तैयारियों के तहत जनपद टिहरी गढ़वाल में उपलब्ध ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच एफएलसी 23 अक्टूबर से शुरू होगी। इस संबंध में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों के साथ एफएलसी की तैयारियों तथा आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार जनपद में उपलब्ध सभी ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच 23 अक्टूबर से 8 नवंबर तक ईवीएम वेयरहाउस में की जाएगी। इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड ईसीआईएल के इंजीनियर मशीनों की तकनीकी जांच करेंगे। यह कार्य प्रतिदिन जारी रहेगा। जांच के दौरान सभी बैलेट यूनिट बीयू कंट्रोल यूनिट सीयू और वीवीपैट मशीनों की शत-प्रतिशत जांच की जाएगी। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बताया गया कि एफएलसी कक्ष में केवल पूर्व में पंजीकृत और पहचान पत्र जारी किए गए प्रतिनिधियों को ही प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए संबंधित प्रतिनिधियों को अपने दो फोटोग्राफ देकर पहचान पत्र बनवाने के लिए आवेदन करना होगा। एफएलसी के दौरान प्रतिदिन उपस्थिति दर्ज की जाएगी। निर्वाचन आयोग की ओर से पूरी प्रक्रिया की वेबकास्टिंग भी की जाएगी। कक्ष में मोबाइल सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। इन उपकरणों को जमा करने के लिए प्रवेश स्थल के बाहर क्लॉक रूम की व्यवस्था की जाएगी। जिलाधिकारी ने एफएलसी के दौरान सुरक्षा चिकित्सा साफ-सफाई पेयजल जलपान और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के साथ डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर डीएफएमडी हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर एचएचएमडी और अग्निशमन वाहन की व्यवस्था करने को कहा। जिलाधिकारी ने बताया कि जांच में सफल पाई जाने वाली मशीनों पर ग्रीन स्टिकर लगाया जाएगा। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संबंधित प्रतिनिधियों के हस्ताक्षर कराए जाएंगे और पिंक पेपर सील लगाई जाएगी। जांच में विफल रहने वाली मशीनों को सात दिन के भीतर संबंधित कारखाने भेजा जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों के अनुसार सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि एफएलसी का कार्य निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता निष्पक्षता और सावधानी के साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने जांच प्रक्रिया के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने और प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट मुख्य निर्वाचन अधिकारी को नियमित रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.राम प्रकाश सहायक निर्वाचन अधिकारी विजय तिवारी अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग विशाल चौहान जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम जिला पूर्ति अधिकारी मनोज डोभाल पुलिस इंस्पेक्टर अशोक खुगशाल और सहायक अभियंता सूर्य प्रकाश उपस्थित रहे। राजनीतिक दलों की ओर से भाजपा प्रतिनिधि जयेंद्र पंवार कांग्रेस प्रतिनिधि आनंद बेलवाल एवं ज्योति प्रसाद भट्ट तथा सीपीएम प्रतिनिधि सफर सिंह नेगी सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी भी बैठक में मौजूद रहे।
