प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद चमोली में जनगणना के द्वितीय चरण के सफल संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला मुख्यालय गोपेश्वर स्थित जिला सभागार में 33 फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। प्रशिक्षण जिला जनगणना मास्टर ट्रेनर एवं मुख्य कृषि अधिकारी जयप्रकाश तिवारी ने प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी के निर्देशों के क्रम में प्रदान किया। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद फील्ड ट्रेनर जनपद के विभिन्न चार्ज स्तरों पर प्रगणकों और सुपरवाइजरों को जनगणना से संबंधित प्रक्रियाओं कार्यप्रणाली और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रशिक्षण देंगे। इसका उद्देश्य जनगणना कार्य को व्यवस्थित तरीके से त्रुटिरहित और निर्धारित समयसीमा के भीतर संपन्न कराना है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जनपद चमोली में 1 दिसंबर से 4 जनवरी तक जनगणना का कार्य किया जाएगा। इसके बाद 5 जनवरी से 9 जनवरी तक पुनरीक्षण कार्य संपन्न होगा। वहीं 4 जनवरी को शाम 4 बजे से रात्रि 12 बजे तक बेघर व्यक्तियों की गणना की जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान सहायक भूलेख अधिकारी राकेश पल्लव और डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर अमन कुमार एवं गौरव पुरोहित ने फील्ड ट्रेनरों को जनगणना निदेशालय उत्तराखंड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही प्रशिक्षण की प्रक्रिया और जनगणना कार्य के प्रभावी संचालन से संबंधित आवश्यक जानकारी भी प्रदान की गई। जिला प्रशासन ने जनगणना कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों और कार्मिकों को निर्धारित समयसीमा के भीतर जिम्मेदारीपूर्वक कार्य संपन्न करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का उद्देश्य जनपद में जनगणना के कार्य को सफलतापूर्वक पूरा करना है ताकि पूरी प्रक्रिया समयबद्ध और त्रुटिरहित तरीके से संपन्न हो सके।
