प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। मूल्यागांव स्थित मां गंगा बंजी जंपिंग स्थल पर सुरक्षा मानकों में खामियां मिलने पर जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए स्थल को सील कर दिया। निरीक्षण के दौरान मौके पर आपातकालीन चिकित्सा उपकरण उपलब्ध नहीं मिले। वहीं पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने के कारण वाहन राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े किए जा रहे थे। इसके अलावा निर्धारित सुरक्षा मानकों में भी कमियां पाई गईं। पर्यटकों और आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यह कार्रवाई की। उप जिलाधिकारी कीर्तिनगर पंकज भट्ट ने सुरक्षा मानकों में पाई गई खामियों के आधार पर बंजी जंपिंग स्थल को सील करने की कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि साहसिक पर्यटन गतिविधियों के संचालन में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य है। इसके साथ ही आवश्यक तकनीकी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना और जरूरी अनुमतियां प्राप्त करना भी आवश्यक है। पर्यटकों की सुरक्षा के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन की ओर से सील किए गए स्थल को जम्प मास्टर अनूप सिंह की सुपुर्दगी में दिया गया है। उन्हें सक्षम प्राधिकारी के अग्रिम आदेशों तक सील और संपत्ति के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही बिना अनुमति बंजी जंपिंग गतिविधियों का संचालन नहीं करने को कहा गया है। निर्देशों का उल्लंघन करने पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने साहसिक पर्यटन गतिविधियों का संचालन करने वाले सभी संचालकों से निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपेक्षा की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्यटकों और आमजन की सुरक्षा सर्वोपरि है। इसलिए साहसिक पर्यटन गतिविधियों के संचालन में आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी मानकों को सुनिश्चित करना जरूरी है।
