Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड के नव नियुक्त राज्यपाल डॉ ढाल सिंह बिसेन 19 अक्टूबर 2026 को पदभार ग्रहण करेंगे। उनके शपथ ग्रहण समारोह को सुव्यवस्थित और गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी डॉ आशीष चौहान ने शनिवार 17 अक्टूबर को जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर समारोह से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों और अन्य स्थानों से शामिल होने वाले अतिथियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। इसके लिए लाइजन अधिकारियों की तत्काल तैनाती की जाए और उन्हें सौंपे जाने वाले दायित्व स्पष्ट रूप से निर्धारित किए जाएं। उन्होंने कहा कि अतिथियों के आगमन और आवागमन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं इस तरह सुनिश्चित की जाएं कि किसी को भी असुविधा का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समारोह के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और प्रमुख मार्गों पर आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए। जरूरत के अनुसार वाहनों का अधिग्रहण सुनिश्चित करने को भी कहा गया। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए ताकि शपथ ग्रहण समारोह निर्विघ्न और गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह और अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व केके मिश्रा के साथ अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार मौजूद रहीं। इनके अलावा सिटी मजिस्ट्रेट और सभी उप जिलाधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *