प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। टिहरी के बौराड़ी स्टेडियम में नौवीं राज्य स्तरीय सीनियर बालक-बालिका तीरंदाजी प्रतियोगिता का शुभारंभ टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय और जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने किया। जिला प्रशासन टिहरी गढ़वाल के मार्गदर्शन में उत्तराखंड तीरंदाजी संघ और जिला खेल कार्यालय टिहरी गढ़वाल की ओर से आयोजित यह प्रतियोगिता 17 और 18 अक्टूबर को आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में प्रदेश के करीब 130 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों का चयन मेघालय के शिलांग में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। प्रतियोगिता में उत्तराखंड पुलिस और गढ़वाल राइफल्स तथा कुमाऊं रेजिमेंट सहित विभिन्न टीमों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उत्तराखंड तीरंदाजी संघ के सचिव राजेंद्र तोमर ने बताया कि देवभूमि उत्तराखंड में तीरंदाजी को बढ़ावा देने और प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। देहरादून के बाद अब टिहरी में प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आगामी समय में चमोली सहित प्रदेश के अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी इस खेल को प्रोत्साहित किया जाएगा ताकि खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल सकें। प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न वर्गों में अपनी प्रतिभा दिखाई। प्रथम दिन रिकर्व बालक और कंपाउंड बालिका तथा इंडियन राउंड बालक एवं बालिका वर्ग के मुकाबले आयोजित किए गए। बालिका वर्ग में मानसी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि सनाया भंडारी द्वितीय और तोशी जनार्दन तृतीय स्थान पर रहीं। रिकर्व महिला वर्ग में अनन्या ने प्रथम स्थान हासिल किया जबकि दिव्यांशी भंडारी द्वितीय और कीर्ति नवियाल तृतीय स्थान पर रहीं। इंडियन राउंड बालक वर्ग में अतुल वर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि आर्यन द्वितीय और शनि कुमार तृतीय स्थान पर रहे। इस अवसर पर विधायक किशोर उपाध्याय और जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने स्वयं भी तीरंदाजी में हाथ आजमाया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता के दूसरे दिन 18 अक्टूबर को ओलंपिक राउंड के मुकाबले शुरू होंगे। इसके साथ ही खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्राप्त होगा।
