प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल।भारतीय पर्वतारोहण संस्थान पर्यटन मंत्रालय भारत सरकार के अंतर्गत संचालित संस्थान आईआईएसएम द्वारा टिहरी गढ़वाल में आयोजित रिवर राफ्टिंग कोर्स के प्रतिभागियों ने गंगा नदी के तटों पर स्वच्छता अभियान चलाया। कोर्स में भाग ले रहे सभी प्रशिक्षुओं ने गंगा के किनारे फैले कचरे और प्लास्टिक सहित अन्य अपशिष्ट को एकत्र किया और गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने का संदेश दिया। इस पहल के माध्यम से प्रतिभागियों ने देश और प्रदेशवासियों से गंगा नदी को साफ रखने तथा प्लास्टिक का उपयोग न करने की अपील की। इस अवसर पर भारतीय पर्वतारोहण संस्थान गुलमर्ग के प्रधानाचार्य कर्नल ईश्वर सिंह थापा एसएम वीएसएम एमआईडी ने सभी कोर्स प्रतिभागियों के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए उनकी हौसला अफजाई की। उन्होंने कहा कि एक एडवेंचर प्रोफेशनल का पहला कर्तव्य प्रकृति और नदियों का संरक्षण करना है। गंगा हमारी आस्था ही नहीं बल्कि हमारी जीवन रेखा भी है। इसे स्वच्छ रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। अभियान में संस्थान के प्रशिक्षकों और कोर्स प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
