Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। एसएसबी केदार फायरिंग रेंज श्रीनगर में आयोजित तीन दिवसीय प्रादेशिक अंतरजनपदीय एवं वाहिनी राइफल रिवॉल्वर और पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिता 2026 का 24 अक्टूबर 2026 को विधिवत समापन हुआ। प्रतियोगिता में उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों और वाहिनियों की कुल 12 टीमों ने प्रतिभाग कर अपने निशानेबाजी कौशल और खेल भावना का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने राइफल रिवॉल्वर और पिस्टल की विभिन्न श्रेणियों में सटीक निशाना लगाने के साथ आत्मविश्वास और एकाग्रता का परिचय दिया। प्रत्येक वर्ग में शूटिंग मुकाबले रोमांचक रहे और खिलाड़ियों ने अपना सर्वोत्तम प्रदर्शन करते हुए अंक अर्जित किए। पूरे आयोजन के दौरान सभी टीमों ने शानदार तालमेल और बेहतर प्रशिक्षण के साथ उच्च अनुशासन का परिचय दिया। समापन समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक संचार पौड़ी अनूप काला ने विजेता टीमों और उत्कृष्ट व्यक्तिगत प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पदक ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों ने खिलाड़ियों के मनोबल और मेहनत तथा टीम भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं पुलिस बल में फायरिंग दक्षता और तत्परता तथा आत्मविश्वास को और अधिक मजबूत करती हैं। प्रतियोगिता का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। सभी प्रतिभागी आगामी आयोजनों के लिए प्रेरणा और सकारात्मक ऊर्जा लेकर अपने-अपने जनपदों को लौटे। प्रतियोगिता के ओवरऑल परिणामों में राइफल शूटिंग में प्रथम स्थान आईआरबी द्वितीय ने हासिल किया जबकि 40वीं वाहिनी पीएसी दूसरे स्थान पर रही। ओवरऑल रिवॉल्वर एवं पिस्टल शूटिंग में 31वीं वाहिनी पीएसी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि आईआरबी प्रथम दूसरे स्थान पर रही। प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ निशानेबाज का खिताब 31वीं वाहिनी पीएसी के हेड कांस्टेबल प्रशांत ने हासिल किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *