Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन के दृष्टिगत जनपद पौड़ी गढ़वाल में ईवीएम और वीवीपैट तथा कंट्रोल यूनिट की प्रथम स्तरीय जांच प्रक्रिया शुरू हो गई है। भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह जांच राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में ईसीआईएल के इंजीनियरों द्वारा की जा रही है ताकि निर्वाचन उपकरणों की जांच प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एफएलसी सुपरवाइजर पीआर चौहान ने बताया कि जनपद में उपलब्ध निर्वाचन उपकरणों में कुल 1626 बैलेट यूनिट और 2485 कंट्रोल यूनिट तथा 2117 वीवीपैट शामिल हैं। प्रथम स्तरीय जांच के पहले दिन 23 अक्टूबर 2026 को 102 बैलेट यूनिट की जांच की गई जिनमें से 96 सही पाई गईं। इसी प्रकार 161 कंट्रोल यूनिट की जांच में 48 सही पाई गईं जबकि 115 वीवीपैट की जांच में 95 सही पाए गए। उन्होंने बताया कि जांच प्रक्रिया के दौरान ईवीएम और वीवीपैट की तकनीकी स्थिति का परीक्षण किया जा रहा है। साथ ही सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन किया जा रहा है। प्रथम स्तरीय जांच प्रक्रिया में 15 सुपरवाइजर एवं स्टाफ और 15 ईवीएम नोडल स्टाफ तथा ईसीआईएल के 10 इंजीनियर और 40 श्रमिक शामिल हैं। इस दौरान एडीओ निर्वाचन एसएल शाह और पुलिस उपाधीक्षक तपेश कुमार चंद सहित लोक निर्माण विभाग की अधिशासी अभियंता रीना नेगी उपस्थित रहीं। इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधि राजेंद्र सिंह रावत और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रतिनिधि धीरज सिंह रावत तथा कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि सुरेंद्र रावत सहित संबंधित अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *