Spread the love

प्रदीप कुमार
केदारनाथ-रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। श्री केदारनाथ धाम में लगातार हो रही बर्फबारी के चलते तापमान में गिरावट आई है तथा धाम में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। बर्फबारी के कारण पैदल मार्ग पर भी फिसलन बढ़ रही है जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। ऐसे में धाम की यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। रुद्रप्रयाग पुलिस ने श्री केदारनाथ धाम आने वाले सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की परिस्थितियों का ध्यान रखें तथा ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त गर्म कपड़े जैकेट टोपी दस्ताने एवं गर्म मोजे साथ रखें। लगातार बर्फबारी के कारण तापमान में और गिरावट महसूस हो सकती है इसलिए ठंड से बचाव के लिए आवश्यक तैयारियां करके ही यात्रा करें। केदारनाथ धाम क्षेत्र के पैदल मार्ग पर बर्फबारी के कारण फिसलन की स्थिति को देखते हुए श्रद्धालुओं से चलते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। फिसलन वाले स्थानों पर जल्दबाजी न करें और एक-दूसरे से उचित दूरी बनाकर सुरक्षित तरीके से आवागमन करें। पैदल चलते समय अपने कदम सावधानीपूर्वक रखें तथा कठिन एवं फिसलन भरे स्थानों पर अनावश्यक जोखिम उठाने से बचें। यात्रा के दौरान अपनी शारीरिक स्थिति का भी ध्यान रखें और असहजता महसूस होने पर सुरक्षित स्थान पर रुककर आवश्यक सहायता प्राप्त करें। रुद्रप्रयाग पुलिस ने श्रद्धालुओं से यह भी अपील की है कि वे यात्रा के दौरान पुलिस एवं प्रशासन की ओर से समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों में सुरक्षा संबंधी निर्देशों की अनदेखी न करें तथा अपनी सुरक्षा के साथ-साथ अपने साथ यात्रा कर रहे अन्य श्रद्धालुओं की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। श्री केदारनाथ धाम में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा रुद्रप्रयाग पुलिस की प्राथमिकता है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए पूरी सतर्कता के साथ यात्रा करें और किसी भी प्रकार की परेशानी अथवा आवश्यकता पड़ने पर मौके पर तैनात पुलिस बल से सहायता प्राप्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *