प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी गढ़वाल के निर्देशानुसार शुक्रवार को तहसील विधिक सेवा समिति श्रीनगर के तत्वावधान में द मार्शल पब्लिक स्कूल में सुरक्षित बचपन विषय पर एक दिवसीय वृहद विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर की शुरुआत सुबह 9:30 बजे हुई। शिविर की अध्यक्षता सिविल जज जूनियर डिवीजन एवं अध्यक्ष तहसील विधिक सेवा समिति अलका ने की। शिविर को संबोधित करते हुए सिविल जज अलका ने छात्र-छात्राओं को बाल अधिकारों बाल संरक्षण कानूनों एवं पॉक्सो अधिनियम के विभिन्न कानूनी प्रावधानों की सरल शब्दों में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को गुड टच और बैड टच के अंतर को समझाते हुए किसी भी अनुचित व्यवहार के खिलाफ निडर होकर आवाज उठाने तथा तुरंत अभिभावकों शिक्षकों अथवा विधिक तंत्र से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं को आत्मरक्षा सतर्कता एवं आपसी सुरक्षा की शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सिविल जज अलका से अपने विधिक अधिकारों कर्तव्यों बाल सुरक्षा कानूनों और न्याय प्रणाली की कार्यप्रणाली को लेकर कई सवाल पूछे। उन्होंने बच्चों के सवालों का आत्मीयता एवं स्पष्टता से जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। शिविर में बार एसोसिएशन श्रीनगर के अध्यक्ष परमेश चंद्र जोशी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि एक मजबूत और सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए बच्चों का अपने कानूनी अधिकारों और जिम्मेदारियों से अवगत होना बेहद जरूरी है। बार एसोसिएशन के संरक्षक अनूप श्री पांथरी ने कहा कि सुरक्षित बचपन हर बच्चे का बुनियादी और कानूनी अधिकार है तथा विधिक सेवा समिति समाज के अंतिम छोर तक न्याय एवं सुरक्षा पहुंचाने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। पैनल अधिवक्ता देवी प्रसाद खरे ने छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान प्रदत्त अधिकारों शिक्षा के अधिकार और निशुल्क विधिक सहायता योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रिया सबरवाल ने विधिक सेवा समिति न्यायिक अधिकारियों एवं बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से स्कूली बच्चों का आत्मबल बढ़ता है और वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनते हैं। इस अवसर पर संरक्षक अनूप श्री पांथरी अध्यक्ष परमेश चंद्र जोशी पैनल अधिवक्ता देवी प्रसाद खरे प्रधानाचार्या प्रिया सबरवाल मार्शल स्कूल के प्रबंधक जैलैश सबरवाल पैरा लीगल वॉलंटियर्स (पीएलवी) प्रकाश नेगी एवं मानव बिष्ट सहित विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
