प्रदीप कुमार
नंदानगर-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। 30 अक्टूबर 2026 को थाना नंदानगर पुलिस की ओर से गुरु राम राय पब्लिक स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने बच्चों को साइबर अपराधों के बढ़ते तरीकों के बारे में जानकारी देते हुए सोशल मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल करने अनजान लिंक पर क्लिक न करने ओटीपी एवं निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करने और ऑनलाइन ठगी से बचने के तरीके समझाए। पुलिस टीम ने बच्चों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य बल्कि उसके भविष्य और परिवार को भी प्रभावित करता है। बच्चों को नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों में लगाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा एक महत्वपूर्ण विषय गुड टच और बैड टच भी रहा। पुलिस टीम ने सरल और सहज भाषा में बच्चों को अच्छे और बुरे स्पर्श के बीच अंतर समझाया। उन्हें बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति उनके साथ गलत व्यवहार करता है या उन्हें असहज महसूस कराता है तो वे डरें नहीं और चुप न रहें। ऐसी स्थिति में तत्काल अपने माता-पिता शिक्षकों अथवा पुलिस को इसकी जानकारी दें। नंदानगर पुलिस ने बच्चों को संदेश दिया कि जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का पहला कदम है। नशे से दूरी ही बेहतर भविष्य की राह है और अपनी सुरक्षा के लिए गलत के खिलाफ आवाज उठाना बेहद जरूरी है। कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को जागरूक सतर्क और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
