Spread the love

प्रदीप कुमार
कनखल-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के कुलसचिव के साथ मारपीट और हत्या के प्रयास के मामले में कनखल पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कई दिनों से अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे लोगों द्वारा बुजुर्ग कुलसचिव के सुझाव देने पर उनके साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया था। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद कनखल पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए मारपीट करने वाले चार आरोपियों को पहले ही भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के प्रावधानों के अंतर्गत गिरफ्तार किया था। बाद में उन्हें नगर मजिस्ट्रेट के न्यायालय से जमानत मिल गई थी। पुलिस मुख्यालय से चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जनपद में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों और वांछित आरोपियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कुलसचिव की तहरीर पर घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में नरेन्द्र मलिक पुत्र स्वर्गीय जयपाल निवासी गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय कोतवाली कनखल हरिद्वार ओमबीर सिंह पुत्र भूरा सिंह निवासी उपरोक्त तथा उमाशंकर पुत्र स्वर्गीय भगवान दत्त शर्मा निवासी उपरोक्त शामिल हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र सिंह रावत वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह सहायक उपनिरीक्षक मुन्ना नेगी और हेड कांस्टेबल संजय धनाई शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed