प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। ऐतिहासिक एवं पौराणिक बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी-2026 की सांस्कृतिक संध्या में 30 नवंबर को उत्तराखंड की लोकप्रिय लोक गायिका प्रियंका मेहर अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगी। शाम 6:30 बजे से आवास विकास मेला मैदान में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में प्रियंका मेहर अपने बैंड के साथ मंच पर प्रस्तुति देंगी। अपनी सुरीली आवाज धमाकेदार गायकी और शानदार नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से वह दर्शकों के बीच अपनी प्रस्तुति देंगी। उत्तराखंड की युवा पीढ़ी के बीच खास पहचान रखने वाली प्रियंका मेहर के गीतों का युवाओं में खासा क्रेज है। उनके लोकगीतों और आधुनिक अंदाज में प्रस्तुत पहाड़ी संगीत ने उन्हें प्रदेश ही नहीं बल्कि देशभर में लोकप्रियता दिलाई है। ऐसे में बैकुंठ चतुर्दशी मेले की सांस्कृतिक संध्या में उनकी प्रस्तुति को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह है। महापौर आरती भंडारी ने क्षेत्रवासियों एवं मेले में पहुंचने वाले सभी लोगों से 30 नवंबर को शाम 6:30 बजे आवास विकास मेला मैदान पहुंचकर प्रियंका मेहर की लाइव प्रस्तुति का आनंद लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला स्थानीय संस्कृति लोक कला और मनोरंजन का संगम है। मेले में प्रदेश की प्रतिभाओं के साथ लोकप्रिय कलाकारों को मंच देकर सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।
