प्रदीप कुमार
गोपेश्वर/चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक अमित श्रीवास्तव ने शुक्रवार 27 नवंबर को पुलिस कार्यालय गोपेश्वर पहुंचकर गार्द सलामी ग्रहण की और विधिवत रूप से पुलिस अधीक्षक चमोली का कार्यभार संभाला। वर्ष 2016 बैच के भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी अमित श्रीवास्तव इससे पूर्व पुलिस अधीक्षक बागेश्वर एसपी जीआरपी एवं उत्तराखण्ड के राज्यपाल के परिसहाय यानी एडीसी सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। कार्यभार ग्रहण करने के बाद पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ परिचयात्मक गोष्ठी की। इस दौरान उन्होंने सभी से टीम भावना आपसी समन्वय और पूर्ण जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपेक्षा की। आगामी विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अभी से चुनावी तैयारियों के अनुरूप सक्रिय रहने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्वाचन संबंधी तैयारियों कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर पूरी गंभीरता और सतर्कता बरतने पर जोर दिया। इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर वहां संचालित कार्यों अभिलेखों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने शाखा प्रभारियों को कार्यों में पारदर्शिता समयबद्धता एवं अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही जनपद की कानून-व्यवस्था अपराध नियंत्रण एवं पुलिसिंग से जुड़े प्रमुख विषयों की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
