Spread the love

हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में छात्र दीक्षारंभ कार्यक्रम का भव्य आयोजन

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल।हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय,श्रीनगर (गढ़वाल) के चौरास परिसर स्थित स्वामी मनमन्थन ऑडिटोरियम में 16 सितंबर 2025 को छात्र दीक्षारंभ कार्यक्रम (छात्र स्वागत एवं परिचय कार्यक्रम) का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शिक्षा संकाय,अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय तथा प्रबंधन संकाय के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।कार्यक्रम का शुभारंभ सभी मंच पर उपस्थित सम्मानित जनों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। कुलपति प्रो.एस.पी.सिंह ने नए छात्रों का विश्वविद्यालय परिवार में स्वागत करते हुए कहा कि उच्च शिक्षा केवल ज्ञानार्जन का माध्यम नहीं है,बल्कि यह जीवन के आदर्शों,नैतिकता और समाज के प्रति उत्तरदायित्व विकसित करने का अवसर भी प्रदान करती है। उन्होंने छात्रों को शिक्षा के साथ अनुसंधान,नवाचार और समाज सेवा को जीवन का हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी।मुख्य अतिथि सुभाष चन्द,डी.आई.जी.सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में छात्रों को अनुशासन,दृढ़ निश्चय और लक्ष्य-निर्धारण की महत्ता से अवगत कराया।उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन चुनौतियों से भरा होता है,लेकिन आत्मविश्वास और धैर्य से कठिनाइयों को पार किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान भी किया।कुलसचिव प्रो.आर.के.डोडी ने विश्वविद्यालय की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि,संरचना और शैक्षणिक गतिविधियों का परिचय प्रस्तुत किया। प्रो.एम.एस.पंवार ने कहा कि उच्च शिक्षा का मार्ग कठिन अवश्य है,पर सतत अध्ययन,आत्म-अनुशासन और जिज्ञासा से सफलता सुनिश्चित होती है। उन्होंने शिक्षा की प्रक्रिया को दोतरफा बताते हुए कहा कि शिक्षक और विद्यार्थी दोनों एक-दूसरे से सीखते हैं।डीन,छात्र कल्याण प्रो.ओ.पी.गुसाईं ने विश्वविद्यालय के नियमों,अनुशासनात्मक व्यवस्था और छात्रवृत्तियों व कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। परिसर निदेशक प्रो.आर.एस.नेगी ने परिसर की उपलब्धियों और सुविधाओं का परिचय दिया और छात्रों से सक्रिय भागीदारी की अपेक्षा जताई। मुख्य अधिष्ठाता अनुशासन प्रो.एस.सी.सती ने प्रॉक्टोरियल नियमों की जानकारी दी और एंटी-रैगिंग जैसी नीतियों पर शून्य सहिष्णुता की स्पष्टता दी।संकायों की जानकारी प्रो.एम.एम.एस.रौठान,डीन,अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय और प्रो.सुनीता गोडियाल,डीन,शिक्षा संकाय द्वारा प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन प्रो.महेंद्र बाबू कुरावा,समन्वयक,दीक्षारंभ कार्यक्रम द्वारा किया गया।उद्घाटन सत्र के बाद विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक सुविधाओं जैसे-समर्थ पोर्टल,आंतरिक शिकायत समिति,एन.सी.सी.एन.एस.एस.भेदभाव-निरोधी प्रकोष्ठ,परीक्षा प्रणाली,पुस्तकालय,छात्रावास सुविधाएँ,प्लेसमेंट सेल,छात्र शिकायत निवारण प्रकोष्ठ,एंटी-रैगिंग प्रकोष्ठ एवं खेलकूद गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में डॉ.मुकुल पंत,डॉ.हीरालाल यादव,डॉ.कुलदीप कुमार,डॉ.वाई.पी.पुंडीर एवं डॉ.सिद्धार्थ लोहनी की सक्रिय भूमिका उल्लेखनीय रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp