Spread the love

श्रीनगर की केदार फायरिंग रेंज में 21वीं प्रादेशिक राइफल रिवाल्वर और पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिता का शुभारम्भ

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। आज दिनांक 14 नवंबर 2025 को जनपद पौड़ी के श्रीनगर स्थित एसएसबी की केदार फायरिंग रेंज में उत्तराखण्ड पुलिस की 21वीं प्रादेशिक अंतर्जनपदीय/वाहिनी राइफल,रिवाल्वर और पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिता-2025 का शुभारम्भ किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने उद्घाटन घोषणा के साथ किया। उद्घाटन समारोह में सर्वप्रथम विभिन्न जनपदों एवं वाहिनियों के टीम प्रबंधकों का औपचारिक परिचय कराया गया। इसके बाद सभी प्रतिभागी मंच पर पहुँचे और सलामी देकर खेल भावना,अनुशासन और निपुणता के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ ली। अपने संबोधन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस कर्मियों के लिए शस्त्र संचालन में दक्ष होना अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से उत्तराखण्ड पुलिस स्पोर्ट्स कन्ट्रोल बोर्ड वार्षिक कैलेंडर के अनुसार विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करता है। उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता तीन दिनों तक चलेगी और इसमें सभी प्रतिभागियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन,लक्ष्यभेदन कौशल और अनुशासन का परिचय देने का अवसर मिलेगा। उन्होंने स्थानीय गणमान्य नागरिकों,पत्रकारों,अधिकारियों और विभिन्न जनपदों एवं वाहिनियों से पहुंचे समस्त पुलिस बल का स्वागत भी किया। प्रतियोगिता में इस वर्ष जनपद पुलिस की 10 टीमें,पीएसी/वाहिनियों की 3 टीमें और आईआरबी की 2 टीमें सहित कुल 15 टीमें भाग ले रही हैं।लगभग 150 से अधिक प्रतिभागी राइफल,रिवाल्वर और पिस्टल वर्गों में अपनी दक्षता और श्रेष्ठ प्रदर्शन का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के संचालन हेतु सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं और तीनों दिनों तक कार्यक्रम निर्धारित समयानुसार जारी रहेगा।
उत्तराखण्ड पुलिस शूटिंग प्रतियोगिता के पहले दिन प्रतिभागियों ने दिखाई शानदार दक्षता


श्रीनगर गढ़वाल। एसएसबी की केदार फायरिंग रेंज में आयोजित उत्तराखण्ड पुलिस की 21वीं प्रादेशिक अंतर्जनपदीय राइफल,रिवाल्वर एवं पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिता–2025 के प्रथम दिवस में प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट निशानेबाजी का प्रदर्शन किया।विभिन्न जनपदों व PAC/IRB की टीमों के बीच प्रतिस्पर्धा पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ संपन्न हुई।
100 मीटर राइफल शूटिंग- टीम परिणाम
प्रतियोगिता के 100 मीटर वर्ग में 40वीं बटालियन PAC हरिद्वार की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 83 अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया।
IRB–1 की टीम 77 अंक लेकर दूसरे स्थान पर रही,जबकि IRB–2 ने 63 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया।
100 मीटर वर्ग में व्यक्तिगत उत्कृष्टता
इस वर्ग में IRB–1 के कांस्टेबल उधीर कुमार ने बेहतरीन निशानेबाजी करते हुए 62 अंक के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया।40 BN PAC के कांस्टेबल प्रदीप सिंह ने 58 अंक लेकर दूसरा स्थान हासिल किया।जबकि जनपद पिथौरागढ़ के कांस्टेबल अभिषेक गोस्वामी ने 40 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
200 मीटर राइफल शूटिंग- टीम परिणाम
200 मीटर वर्ग में प्रतिस्पर्धा और भी रोमांचक रही। IRB–1 की टीम ने सटीक निशानेबाजी के दम पर 168 अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया।
दूसरे स्थान पर 40 BN PAC हरिद्वार की टीम रही, जिसने 140 अंक अर्जित किए।
IRB–2 ने 136 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
200 मीटर वर्ग में व्यक्तिगत उत्कृष्ट प्रदर्शन
जनपद पिथौरागढ़ के Add.SI पीतांबर दत्त शर्मा ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 92 अंक के साथ प्रथम स्थान हासिल किया।IRB–1 के कांस्टेबल दीपक जोशी ने 90 अंक लेकर दूसरा स्थान प्राप्त किया,जबकि उसी टीम के हेड कांस्टेबल भवानी नाथ ने 78 अंक लेकर तीसरा स्थान अपने नाम किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp