Spread the love

सनेह में प्रस्तावित बर्ड फेस्टिवल-जिलाधिकारी का स्थलीय निरीक्षण व्यापक रूपरेखा तैयार करने के निर्देश

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल।तहसील कोटद्वार के सनेह में बर्ड फेस्टिवल के प्रस्तावित आयोजन को लेकर जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया ने आज प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वन एवं पर्यटन विभाग को फेस्टिवल को प्रभावी,आकर्षक तथा सहभागी बनाते हुए इसकी विस्तृत रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने प्रभागीय वनाधिकारी को दो दिवसीय बर्ड फेस्टिवल की व्यापक योजना बनाने को कहा,जिसमें स्थानीय एवं प्रवासी पक्षियों के संरक्षण और जागरुकता को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि बर्ड वॉक एवं प्रकृति भ्रमण हेतु उपयुक्त मार्ग चिह्नित किए जाएँ। साथ ही उन्होंने प्रत्येक स्थल पर स्थानीय पक्षियों की प्रजातियों का विवरण प्रदर्शित किए जाने के भी निर्देश दिए, ताकि आगंतुकों को क्षेत्र की जैव विविधता की जानकारी सरलता से मिल सके। उन्होंने कहा कि फेस्टिवल के दौरान बर्ड फोटोग्राफी प्रदर्शनी का आयोजन करते हुए उत्कृष्ट फोटोग्राफरों को सम्मानित किया जाए,जिससे पक्षी संरक्षण के संदेश को व्यापक स्तर पर प्रसारित किया जा सके और इस क्षेत्र की जैव विविधता को विश्वपटल पर एक नयी पहचान मिल सके। जिलाधिकारी ने पर्यटन विभाग को बर्ड वॉचर्स ग्रुप,पक्षी प्रेमियों और प्रकृति-फोटोग्राफरों को आमंत्रित करने की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रचार-प्रसार के लिए डिजिटल माध्यमों का प्रभावी उपयोग किया जाए,ताकि अधिकाधिक प्रकृति-प्रेमी इस आयोजन से जुड़ सकें।उन्होंने स्कूली बच्चों के लिए पक्षी पहचान कार्यशाला,चित्रकला प्रतियोगिता एवं जागरुकता कार्यक्रम जोड़ने पर भी जोर दिया, ताकि युवा पीढ़ी में प्रकृति संरक्षण के प्रति रुचि उत्पन्न हो सके। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आयोजन स्थल पर आगंतुकों के लिए पार्किंग,पेयजल,स्वच्छता,प्राथमिक उपचार तथा सुरक्षा जैसी आधारभूत व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि स्थानीय समुदाय,स्वयं सहायता समूहों एवं महिला समूहों को फेस्टिवल में सहभागी बनाते हुए स्थानीय उत्पादों के स्टॉल लगाने का अवसर दिया जाए,जिससे क्षेत्र की आजीविका में भी सुधार हो सके। उन्होंने अधिकारियों को फेस्टिवल के दौरान वन्यजीव सुरक्षा,भीड़ प्रबंधन एवं यातायात व्यवस्था की ठोस तैयारी सुनिश्चित करने को निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि सनेह क्षेत्र का प्राकृतिक एवं पारिस्थितिक वातावरण बर्ड-वॉचिंग पर्यटन के लिए अत्यंत उपयुक्त है और योजनाबद्ध प्रयासों के माध्यम से यह क्षेत्र राज्य के प्रमुख बर्ड-वॉचिंग स्थलों में उभर सकता है। निरीक्षण के दौरान प्रभागीय वनाधिकारी लैंसडौन वन प्रभाग जीवन मोहन दगाड़े,उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य,जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed