Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के बेस अस्पताल के हड्डी रोग विभाग को बड़ी मजबूती मिली है। वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ.सुभाष चंद्र ने एसोसिएट प्रोफेसर के पद पर कार्यभार ग्रहण कर लिया है।उनके ज्वाइन करने से लंबे समय से चली आ रही फैकल्टी की कमी दूर हुई है,जिससे मरीजों को बेहतर उपचार मिलने के साथ-साथ मेडिकल कॉलेज की शैक्षणिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ.आशुतोष सयाना ने बताया कि हड्डी रोग विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर का पद काफी समय से रिक्त था। डॉ.सुभाष चंद्र की नियुक्ति से विभाग को अनुभवी और स्थायी फैकल्टी मिली है।इससे उपचार की गुणवत्ता में सुधार होगा और एमबीबीएस पाठ्यक्रम के सुचारू संचालन में भी सहायता मिलेगी। डॉ.सुभाष चंद्र इससे पूर्व वर्ष 2010 से 2020 तक राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके बाद वे हिमाचल प्रदेश के चंबा मेडिकल कॉलेज में कार्यरत रहे।उनके पुनःश्रीनगर लौटने से गढ़वाल क्षेत्र के हजारों मरीजों को विशेषज्ञ हड्डी रोग सेवाओं का लाभ मिलेगा। प्राचार्य डॉ.आशुतोष सयाना ने कहा कि डॉ.सुभाष चंद्र न केवल एक अनुभवी चिकित्सक हैं,बल्कि एक कुशल शिक्षक भी हैं।उनके अनुभव से हड्डी रोग विभाग की सेवाओं का विस्तार होगा और जटिल मामलों के उपचार में भी बेहतर परिणाम सामने आएंगे। कार्यभार ग्रहण करने के बाद एसोसिएट प्रोफेसर डॉ.सुभाष चंद्र ने कहा कि श्रीनगर मेडिकल कॉलेज से उनका पुराना जुड़ाव रहा है। उन्होंने कहा,मेरा प्रयास रहेगा कि मरीजों को बेहतर,समयबद्ध और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही विद्यार्थियों को व्यवहारिक और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण दिया जाएगा। डॉ.सुभाष चंद्र की वापसी से बेस अस्पताल के हड्डी रोग विभाग में नई ऊर्जा और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp