प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल।जनपद रुद्रप्रयाग के लिए यह गर्व का विषय है कि गृह मंत्रालय,भारत सरकार द्वारा गणतंत्र दिवस 2026 से पूर्व घोषित पदकों की सूची में रुद्रप्रयाग पुलिस के उपाधीक्षक प्रबोध कुमार घिल्डियाल का नाम शामिल किया गया है। उन्हें उनकी विशिष्ट और समर्पित सेवाओं के लिए सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है। उपाधीक्षक प्रबोध कुमार घिल्डियाल ने अपने सेवाकाल के दौरान कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने,अपराध नियंत्रण और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उनके कार्यों से पुलिस व्यवस्था को मजबूती मिली है और आम जनता में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है। उनके इसी कर्तव्यनिष्ठा और अनुभव को देखते हुए भारत सरकार ने उन्हें इस सम्मान के लिए चयनित किया है। इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग अक्षय प्रल्हाद कोंडे ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उपाधीक्षक प्रबोध कुमार घिल्डियाल को बधाई दी।उन्होंने कहा कि यह सम्मान वर्षों की मेहनत,ईमानदारी और समर्पण का परिणाम है। यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत रूप से बल्कि पूरे रुद्रप्रयाग पुलिस बल के लिए गौरव की बात है और अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों को भी उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा देगी। इस सम्मान की घोषणा के बाद जनपद के समस्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उपाधीक्षक प्रबोध कुमार घिल्डियाल को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
