Spread the love

श्री श्याम पोर्टल-प्रदीप कुमार 

चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद चमोली में आगामी विधानसभा बजट सत्र,महाशिवरात्रि पर्व तथा औली में प्रस्तावित विंटर नेशनल गेम्स और कार्निवल को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए चमोली पुलिस अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में 8 फरवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ वर्चुअल समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में तीनों बड़े आयोजनों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था,यातायात प्रबंधन,पार्किंग, पुलिस बल की तैनाती,विभागीय समन्वय और कानून व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तार से समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समयबद्ध,व्यवस्थित और जिम्मेदारी के साथ पूरी की जाएं। महाशिवरात्रि पर्व के दौरान जनपद के प्रमुख शिवालयों और मंदिर परिसरों में संभावित भारी भीड़ को देखते हुए बहुस्तरीय और सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक आयोजन स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल,महिला पुलिस, होमगार्ड,महिला होमगार्ड और पीआरडी जवानों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। औली और ज्योतिर्मठ क्षेत्र में आयोजित होने वाले विंटर नेशनल गेम्स और कार्निवल के दृष्टिगत सुरक्षा,यातायात और पार्किंग व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। आयोजन स्थलों और आवागमन मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती,प्रभावी यातायात प्रबंधन और सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ज्योतिर्मठ–औली मार्ग पर बर्फ जमी होने की स्थिति को देखते हुए यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए बीआरओ के अधिकारियों से समन्वय स्थापित करने और सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। भराड़ीसैंण गैरसैण में प्रस्तावित विधानसभा बजट सत्र को लेकर सुरक्षा व्यवस्था,यातायात प्रबंधन,पुलिस बल के लिए आवासीय और संचार सुविधाओं तथा बैरिकेडिंग की तैयारियों की गहन समीक्षा की गई। निर्देश दिए गए कि विधानसभा सत्र के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो और सभी संबंधित विभागों के साथ आपसी समन्वय बनाकर कार्य किया जाए। इसके साथ ही जनपद में लंबित विभागीय प्रारंभिक जांचों और 14(2) से संबंधित कार्यवाहियों की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए गए कि सभी मामलों का निष्पक्ष,पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता,समयबद्ध पूर्णता और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब पर जिम्मेदारी तय करने की बात कही गई। बैंक और वाहन चेकिंग अभियानों को लेकर निर्देश दिए गए कि संवेदनशील स्थानों,प्रमुख मार्गों तथा बैंक और एटीएम परिसरों के आसपास नियमित और प्रभावी चेकिंग जारी रखी जाए। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर कड़ी निगरानी रखते हुए दस्तावेजों की जांच और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए। दो माह से अधिक समय से लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण,निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा अनावश्यक विलंब पर जवाबदेही तय की जाए। विधि विज्ञान प्रयोगशालाओं को भेजे गए माल मुकदमाती की स्थिति की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए गए कि परीक्षण समय पर कराया जाए,रिपोर्ट शीघ्र प्राप्त की जाए और लंबित मामलों में नियमित फॉलोअप किया जाए,ताकि विवेचनाओं में देरी न हो। पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों और आयोजनों के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना, यातायात का सुचारु संचालन और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। इस वर्चुअल समीक्षा गोष्ठी में पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट,प्रतिसार निरीक्षक आनंद सिंह रावत,अभिसूचना इकाई निरीक्षक सचिन चौहान, यातायात निरीक्षक योगेश सक्सेना,निरीक्षक दिगंबर उनियाल सहित जनपद के समस्त थाना और चौकी प्रभारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp