Spread the love

श्री श्याम पोर्टल-प्रदीप कुमार 

हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। शारदीय कांवड़ यात्रा को सुव्यवस्थित,सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से हरिद्वार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला सभागार में जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर व्यापक तैयारियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शारदीय कांवड़ यात्रा और शिवरात्रि के दौरान जनपद में भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं,ऐसे में यातायात व्यवस्था,सुरक्षा, स्वच्छता,स्वास्थ्य सेवाएं,पेयजल,विद्युत आपूर्ति और आपदा प्रबंधन को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने सभी कांवड़ मार्गों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था,पेयजल,शौचालय और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों को यातायात डायवर्जन प्लान तैयार करने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने और अफवाहों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया। स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस,चिकित्सक दल और प्राथमिक उपचार केंद्रों में सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने नगर निगम,सिंचाई विभाग और जिला पंचायत को स्नान घाटों और कांवड़ मार्गों पर नियमित सफाई और कूड़ा निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। नगर निगम को मोबाइल शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था करने,जबकि जल संस्थान और विद्युत विभाग को निर्बाध पेयजल और बिजली आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए गए। सभी जोनल मजिस्ट्रेटों और पुलिस अधिकारियों को मौके पर जाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने को कहा गया। एनएचएआई के अधिकारियों को नजीबाबाद राष्ट्रीय मार्ग पर पड़े मलबे को तत्काल हटाने और मार्ग को अवरुद्ध न होने देने के निर्देश दिए गए। सभी उप जिलाधिकारियों को गंगा घाटों और पुलों पर किए गए अतिक्रमण को तुरंत हटाने को कहा गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को कांवड़ यात्रा के दौरान होटल,रेस्टोरेंट और ढाबों पर निर्धारित रेट लिस्ट चस्पा कराने,ओवररेटिंग रोकने,भोजन की गुणवत्ता और एक्सपायरी सामग्री की जांच के निर्देश दिए गए। अपर रोड पर चल रहे निर्माण कार्य को कांवड़ यात्रा अवधि में रोकने और मार्ग की मरम्मत कराने के निर्देश भी संबंधित विभाग को दिए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा,अपर जिलाधिकारी दीपेंद्र सिंह नेगी,मुख्य चिकित्सा अधिकारी आर के सिंह,सीओ ट्रैफिक बिपेंदर सिंह,सीओ एसडीआरएफ सुशील रावत,ट्रैफिक इंचार्ज हितेश कुमार,जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश,उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार,अधीक्षण अभियंता लोनिवि डीके सिंह,पेयजल निगम परियोजना प्रबंधक मीनाक्षी मित्तल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp