Spread the love

श्री श्याम पोर्टल-प्रदीप कुमार 

हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा माह के समापन अवसर पर हरिद्वार यातायात पुलिस द्वारा शंकराचार्य चौक पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और दुपहिया वाहन चालकों को हेलमेट के प्रति जागरूक करना रहा। यह कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक यातायात निशा यादव के नेतृत्व तथा पुलिस उपाधीक्षक यातायात वीपेंद्र सिंह के पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ। अभियान के दौरान दुपहिया वाहन चालकों को समझाया गया कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं बल्कि जीवन रक्षा का सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा उपकरण है। अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर लगने वाली चोटें मृत्यु का प्रमुख कारण बन रही हैं जिन्हें गुणवत्तापूर्ण हेलमेट पहनकर काफी हद तक रोका जा सकता है। मौके पर नियमों का पालन करने वाले और बिना हेलमेट पाए गए कुछ दुपहिया वाहन चालकों को हेलमेट वितरित किए गए। साथ ही यह संदेश दिया गया कि चालक और पीछे बैठने वाले दोनों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य है। निर्धारित गति सीमा का पालन वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करना शराब पीकर वाहन न चलाना तथा यातायात संकेतों का पालन करने पर विशेष जोर दिया गया। यह कार्यक्रम The National Helping Hand एवं हरिद्वार यातायात पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में यातायात पुलिस निरीक्षक हितेश कुमार संदीप सिंह नेगी सहित यातायात पुलिस टीम और संस्था के सदस्य उपस्थित रहे। हरिद्वार यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें। पुलिस का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp