Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कोतवाली नगर पुलिस ने तुलसी चौक क्षेत्र से अपहृत दो वर्षीय बालिका के मामले का सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह द्वारा शीघ्र गिरफ्तारी का परिजनों से किया गया वादा पुलिस टीम ने पूरा किया। 19 फरवरी 2026 की रात्रि लगभग 9 बजे गणेश घाट मायापुर निवासी सोनी अपनी दो वर्षीय पुत्री के साथ तुलसी चौक स्थित एचआरडीए पार्क के फुटपाथ पर सोई हुई थीं। रात्रि करीब 1 बजे जागने पर पुत्री वहां नहीं मिली। परिजनों ने पूरी रात तलाश की लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलते ही पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विभिन्न टीमें गठित कर दीं। सघन तलाश मैनुअल पुलिसिंग और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक खोजबीन के बाद 20 फरवरी 2026 को दोपहर लगभग 2 बजे बालिका को देवपुरा क्षेत्र में ऋषिकुल तिराहे के पास लावारिस अवस्था में सकुशल बरामद किया गया। बालिका को चिकित्सीय परीक्षण के लिए जिला महिला अस्पताल भेजा गया जहां रिपोर्ट में किसी प्रकार की आपराधिक पुष्टि नहीं हुई। घटना के खुलासे के लिए गठित टीमों ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन कर तकनीकी और मैनुअल विश्लेषण किया। जांच के दौरान अपहरणकर्ता के रूप में रवि कुमार पुत्र सुरेश कुमार उम्र 28 वर्ष निवासी निकट राधाकृष्ण आश्रम सोनी ज्वैलर्स के पास कोतवाली ज्वालापुर जनपद हरिद्वार की पहचान हुई। लगातार दबिश के बाद 22 फरवरी 2026 की रात्रि में श्रीराम घाट के सामने पार्क के पास नहर पटरी मायापुर क्षेत्र से आरोपी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और बालिका को अन्य शहर ले जाकर उससे भीख मंगवाने की योजना बना रहा था। 19 फरवरी की रात वह बालिका को तुलसी चौक से उठाकर देवपुरा होते हुए एक घाट पर ले गया। अगले दिन ऋषिकुल तिराहे बस अड्डे पर पुलिस की सघन चेकिंग देखकर वह घबरा गया और बालिका को वहीं छोड़कर फरार हो गया। मामले में संबंधित धाराओं में वृद्धि कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। हरिद्वार पुलिस ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। आरोपी रवि कुमार पुत्र सुरेश कुमार निवासी निकट राधाकृष्ण आश्रम सोनी ज्वैलर्स के पास कोतवाली ज्वालापुर जनपद हरिद्वार उम्र 28 वर्ष

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp