प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी होली पर्व एवं पवित्र रमजान माह के दृष्टिगत हरिद्वार पुलिस पूरी तरह सतर्क है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक नगर कार्यालय में एसपी सिटी अभय सिंह द्वारा क्षेत्राधिकारी थाना प्रभारी एवं चौकी इंचार्ज के साथ विस्तृत गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी के दौरान निर्देश दिए गए कि होली एवं रमजान के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए। मिश्रित आबादी वाले इलाकों में सतर्कता बढ़ाते हुए नियमित गश्त एवं फ्लैग मार्च किया जाए। सोशल मीडिया पर भ्रामक या अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखते हुए तत्काल वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।इसके अतिरिक्त डीजे हुड़दंग जबरन रंग लगाने तथा धार्मिक भावनाएं आहत करने जैसी गतिविधियों पर सख्त नियंत्रण रखने के निर्देश दिए गए। मस्जिदों मंदिरों एवं प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने तथा शांति समिति की बैठकों के माध्यम से दोनों समुदायों के गणमान्य व्यक्तियों से सतत संवाद बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।एसएसपी ने स्पष्ट किया कि त्योहारों को शांतिपूर्ण सौहार्दपूर्ण और गरिमामय वातावरण में संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता है। कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जनपद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दें तथा आपसी भाईचारा और सद्भाव बनाए रखें।
