Spread the love

प्रदीप कुमार
रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। पावन चैत्र नवरात्रि के शुभ अवसर पर जनपद रुद्रप्रयाग में आस्था श्रद्धा एवं भक्ति का अनुपम वातावरण बना हुआ है। इसी क्रम में जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा तथा विधायक केदारनाथ आशा नौटियाल द्वारा ऊखीमठ पहुंचकर स्थित प्राचीन भोलेश्वर महादेव मंदिर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान जिलाधिकारी एवं विधायक ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का जलाभिषेक कर जनपदवासियों के सुख शांति एवं समृद्धि की कामना की। उन्होंने देवाधिदेव महादेव से प्रार्थना की कि जनपद में सदैव सकारात्मक ऊर्जा बनी रहे तथा सभी के जीवन में कल्याण हो। साथ ही आगामी श्री केदारनाथ यात्रा के सफल सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन हेतु भी आशीर्वाद मांगा गया। मंदिर प्रांगण में चैत्र नवरात्रि के अवसर पर विशेष धार्मिक आयोजन के तहत 101 कन्याओं का विधिवत कन्या पूजन एवं देवी पूजन किया गया। इसके उपरांत श्रद्धालुओं के लिए भव्य भंडारे का आयोजन भी किया गया जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर विधायक केदारनाथ आशा नौटियाल ने समस्त जनपदवासियों को नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऊखीमठ स्थित भोलेश्वर महादेव मंदिर में 101 कन्याओं का पूजन अत्यंत श्रद्धा एवं भव्यता के साथ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के माध्यम से बेटियों को सशक्त बनाने की जो पहल की जा रही है उसका सकारात्मक प्रभाव समाज में स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है। उन्होंने इस आयोजन के सफल संचालन हेतु स्थानीय जनमानस का आभार व्यक्त किया। इस दौरान क्षेत्र पंचायत प्रमुख ऊखीमठ पंकज शुक्ला उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा खंड विकास अधिकारी ऊखीमठ अनुष्का जिला पर्यटन विकास अधिकारी राहुल चौबे तहसीलदार रमेश रावत सहित अन्य अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp