Spread the love

प्रदीप कुमार
रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी श्री केदारनाथ धाम यात्रा 22 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होने जा रही है यात्रा को सुरक्षित सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग द्वारा तैयारियों को युद्ध स्तर पर अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में आज जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा अब तक की गई प्रगति एवं शेष कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों ने यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं—सड़क स्वास्थ्य पेयजल विद्युत सुरक्षा एवं स्वच्छता—की अद्यतन स्थिति से जिलाधिकारी को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व 15 अप्रैल तक सभी कार्य हर हाल में पूर्ण कर लिए जाएं तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार यात्रा से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाना प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक सप्ताह समीक्षा बैठक आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि पेयजल विद्युत उरेडा लोक निर्माण विभाग एवं राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े कार्यों की निरंतर निगरानी की जा रही है और सभी विभागों को निर्देशित किया गया है कि लंबित कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करें। उन्होंने जानकारी दी कि यात्रा मार्ग पर अधिकांश स्थानों पर सोलर लाइटें स्थापित की जा चुकी हैं तथा विद्युत लाइनों की मरम्मत का कार्य तेजी से जारी है। सड़कों पर पैचवर्क का कार्य निरंतर किया जा रहा है जिससे यात्रा मार्ग को सुचारू एवं सुरक्षित बनाया जा सके। इसके अतिरिक्त कई स्थानों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की गई है। जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की कि राष्ट्रीय राजमार्ग एवं यात्रा मार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें अन्यथा संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर निकायों द्वारा नियमित रूप से अतिक्रमण के विरुद्ध चालान की कार्रवाई भी की जा रही है। स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि यात्रा मार्ग पर गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य है कि केदारनाथ यात्रा में आने वाले श्रद्धालु स्वच्छ सुरक्षित एवं सकारात्मक अनुभव लेकर लौटें जिससे राज्य की छवि और अधिक सुदृढ़ हो। बैठक में अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा जिला विकास अधिकारी अनीता पंवार मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.राम प्रकाश मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ.आशीष रावत अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत संजय कुमार अधिशासी अभियंता लोनिवि इंद्रजीत बोस उखीमठ से आर.पी.नैथानी अधिशासी अभियंता पेयजल संस्थान अनीश पिल्लई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp