Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी केदारनाथ धाम यात्रा 2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने शनिवार शाम सीतापुर में होटल एसोसिएशन के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में श्रद्धालुओं के आवास भोजन व्यवस्था गैस डीजल पेट्रोल आपूर्ति ट्रैफिक प्रबंधन और स्वच्छता सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए गैस आपूर्ति में आंशिक बाधा की स्थिति बन सकती है लेकिन शासन स्तर से यात्रा के लिए आवश्यक एलपीजी गैस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने होटल एवं ढाबा संचालकों से वैकल्पिक ईंधन जैसे कोयला लकड़ी एवं इलेक्ट्रिक इंडक्शन के उपयोग पर भी ध्यान देने को कहा ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी संचालक श्रद्धालुओं को निर्धारित दरों पर ही सेवाएं उपलब्ध कराएं और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें जिससे यात्रा की सकारात्मक छवि बनी रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुसार चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित सुगम और सुविधाजनक अनुभव प्रदान करना प्रशासन की प्राथमिकता है। बैठक में होटल व्यवसायियों द्वारा गैस पेट्रोल डीजल आपूर्ति ट्रैफिक व्यवस्था पार्किंग शौचालय व्यवस्था तथा अवैध शराब एवं मांस बिक्री पर रोक जैसे मुद्दे भी उठाए गए। जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि गैस आपूर्ति को सुचारु रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। डीजल भट्टियों के लिए अलग स्थान चिन्हित कर आपूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी तथा आवश्यकतानुसार सुरक्षा बलों की तैनाती भी की जाएगी। उन्होंने बताया कि ट्रैफिक प्रबंधन के लिए विस्तृत योजना तैयार कर ली गई है जिसे पुलिस और प्रशासन सख्ती से लागू करेंगे। अवैध गतिविधियों पर सख्त रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं और आगे भी अवैध शराब तथा मांस बिक्री पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। बैठक में जिला पंचायत सदस्य अमित मैखंडी होटल एसोसिएशन उपाध्यक्ष कल्पेश चौहान जिला पूर्ति अधिकारी केएस कोहली जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा तहसीलदार ऊखीमठ रमेश सिंह रावत सुलभ इंटरनेशनल प्रतिनिधि धनंजय पाठक सहित संबंधित अधिकारी एवं व्यापारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp