प्रदीप कुमार
कनखल-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में कुलपति के साथ मारपीट के मामले में कनखल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार कई दिनों से कुछ लोग अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे थे। इसी दौरान बुजुर्ग कुलपति द्वारा सुझाव दिए जाने पर उनके साथ मारपीट की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया और वीडियो में मारपीट करते दिखाई दे रहे चार आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। वायरल वीडियो में कुलपति के साथ जमीन पर गिराकर मारपीट किए जाने की घटना दिखाई दे रही है। पुलिस मुख्यालय की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के आदेश पर जनपद में शराब तस्करों वारंटियों हिस्ट्रीशीटरों वांछित आरोपियों गुण्डा तत्वों इनामी अपराधियों और हुड़दंग करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत गुरुकुल कांगड़ी में कुलपति के साथ हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में रजनीश भारद्वाज पुत्र स्वर्गीय महेश भारद्वाज नरेंद्र मलिक पुत्र स्वर्गीय जयपाल ओमबीर सिंह पुत्र भूरा सिंह और उमाशंकर पुत्र स्वर्गीय भगवान दत्त शर्मा सभी निवासी गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय कोतवाली कनखल जनपद हरिद्वार शामिल हैं। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह अपर उपनिरीक्षक मुन्ना नेगी और हेड कांस्टेबल संजय धनाई शामिल रहे।
