प्रदीप कुमार
केदारनाथ/रुद्रप्रयाग। बीते दो दिनों में हुई बर्फबारी के बाद शनिवार को केदारनाथ धाम में मौसम साफ हो गया। मौसम सुहावना होने के बाद सुबह से ही श्रद्धालु पैदल और घोड़ा-खच्चर तथा डंडी-कंडी एवं हेलीकॉप्टर के माध्यम से बाबा केदारनाथ के दर्शन के लिए धाम पहुंच रहे हैं। इस वर्ष की यात्रा में अब तक कुल 18 लाख 67 हजार 129 श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं। बर्फ की सफेद चादर से ढकी बाबा केदारनाथ की चोटियां और धाम का मनमोहक प्राकृतिक दृश्य श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। बढ़ी हुई ठंड के बीच श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ बाबा केदारनाथ के दर्शन कर रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा केदारनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनके ठहरने तथा खान-पान और पेयजल एवं चिकित्सा सुविधाओं के समुचित प्रबंध किए गए हैं। वहीं जिला पुलिस स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर श्रद्धालुओं की प्रभावी सुरक्षा और सुगम यात्रा सुनिश्चित कर रही है। इस वर्ष की केदारनाथ धाम यात्रा अब लगभग अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। इस वर्ष श्री केदारनाथ धाम के कपाट आगामी 11 नवंबर 2026 को बंद होंगे।
