प्रदीप कुमार
भराड़ीसैंण/चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। विधानसभा सत्र के दौरान प्रदर्शन के बीच ड्यूटी निभाते हुए घायल हुए उत्तराखंड पुलिस के जवानों का हाल जानने के लिए पुलिस उपमहानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था धीरेंद्र गुंज्याल जनपद मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने घायल जवानों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनका हौसला बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने जवानों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिलाया। भराड़ीसैंण विधानसभा सत्र के दौरान प्रदर्शन के बीच ड्यूटी निभाते हुए उत्तराखंड पुलिस के कुछ जवान चोटिल हो गए थे। अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए घायल हुए इन जवानों की चिंता पुलिस विभाग ने गंभीरता से की। पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड दीपम सेठ ने घटना के तत्काल बाद पुलिस अधीक्षक चमोली के माध्यम से घायल जवानों का हालचाल जाना था। साथ ही निर्देश दिए थे कि स्वयं जवानों के पास पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना जाए और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। इसी क्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक धीरेंद्र गुंज्याल ने घायल जवानों से मुलाकात की। उन्होंने उपनिरीक्षक अमनदीप से मुलाकात की जिनकी कलाई में चोट आई थी। वहीं कांस्टेबल विक्रम खनेड़ा जिनका हाथ फ्रैक्चर हो गया था उनसे वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। इसके अतिरिक्त निरीक्षक चित्रगुप्त के स्वास्थ्य की जानकारी ली जिनके हाथ में चोट लगने के कारण चार टांके आए थे। उन्होंने सभी जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। पुलिस उपमहानिरीक्षक ने जवानों को भरोसा दिलाया कि इस मुश्किल घड़ी में पुलिस विभाग उनके साथ खड़ा है। उनके उपचार से लेकर अन्य आवश्यकताओं तक हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
