प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। भारत के लौह पुरुष और देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर 2026 को जनपद पौड़ी पुलिस द्वारा राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह और गौरव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस लाइन पौड़ी में परेड एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था नीलेश आनंद भरणे की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान और दूरदर्शी नेतृत्व को याद किया। इसके बाद पुलिस महानिरीक्षक की उपस्थिति में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ ग्रहण की। सभी ने राष्ट्र की एकता अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने के साथ ही देशवासियों के बीच आपसी भाईचारे सद्भाव और एकता की भावना को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल की ऐतिहासिक भूमिका को याद करते हुए स्वतंत्रता के बाद देश की विभिन्न रियासतों के एकीकरण तथा एक सशक्त एवं अखंड भारत के निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान को नमन किया गया। राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम के उपरांत पुलिस महानिरीक्षक नीलेश आनंद भरणे ने पुलिस लाइन पौड़ी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस लाइन परिसर का भ्रमण कर वहां उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं व्यवस्थाओं और अन्य संसाधनों का जायजा लिया। साथ ही व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सम्मेलन आयोजित किया गया जिसमें उन्होंने पुलिस कार्मिकों की समस्याओं सुझावों और विभागीय विषयों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। सम्मेलन के दौरान उन्होंने सभी पुलिस कार्मिकों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल निर्धारित ड्यूटी का निर्वहन करना ही नहीं है बल्कि अपनी कार्यक्षमता दक्षता और अनुशासन को निरंतर बेहतर बनाते हुए जनसेवा की भावना से कार्य करना भी है। उन्होंने सभी कार्मिकों को आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने जनता के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा पुलिस की कार्यप्रणाली में जवाबदेही और सेवा भाव को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिस कार्मिक सम्मानित कार्यक्रम के दौरान गणतंत्र दिवस 2026 एवं स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर उत्कृष्ट सेवा और विशिष्ट कार्यों के लिए पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क गोल्ड एवं सिल्वर से सम्मानित जनपद पौड़ी में नियुक्त पुलिस कार्मिकों को पुलिस महानिरीक्षक नीलेश आनंद भरणे ने प्रशस्ति डिस्क प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने उत्कृष्ट सेवाओं और कर्तव्यनिष्ठा के लिए सम्मानित पुलिस कार्मिकों के योगदान की सराहना की।
