प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार तहसील विधिक सेवा समिति श्रीनगर के तत्वावधान में शनिवार सुबह नौ बजे श्री गुरु राम राय (एसजीआरआर) पब्लिक स्कूल श्रीनगर में सुरक्षित बचपन विषय पर एक दिवसीय वृहद विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ सिविल जज जूनियर डिवीजन एवं तहसील विधिक सेवा समिति की अध्यक्ष अलका ने किया। शिविर में विद्यार्थियों को बाल संरक्षण कानूनों कर्तव्यों विधिक अधिकारों और निःशुल्क कानूनी सहायता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। शिविर के दौरान आयोजित संवाद सत्र में छात्र-छात्राओं ने कानून सुरक्षा और अधिकारों से जुड़े कई सवाल पूछे। सिविल जज अलका ने बच्चों की जिज्ञासाओं का सरल आत्मीय और व्यावहारिक ढंग से जवाब दिया। उन्होंने पॉक्सो अधिनियम गुड टच-बैड टच और बाल अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बच्चों को किसी भी अनुचित व्यवहार के खिलाफ निडर होकर अपनी बात रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वाध्याय की आदत विकसित करने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षा ही अधिकारों की सबसे बड़ी संरक्षक है। प्रत्येक विद्यार्थी को अपनी दिनचर्या में स्वाध्याय को शामिल करना चाहिए और प्रतिदिन कम से कम दो घंटे पूरी एकाग्रता के साथ अध्ययन करना चाहिए। एक सजग और शिक्षित नागरिक ही समाज को सुरक्षित और सशक्त बना सकता है। विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से पीएलवी सदस्य मानव बिष्ट ने निर्धन असहाय और बच्चों के लिए उपलब्ध निःशुल्क विधिक सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आर्थिक तंगी या जानकारी के अभाव में कोई भी बच्चा अथवा जरूरतमंद व्यक्ति न्याय से वंचित न रहे इसके लिए राज्य जिला और तहसील विधिक सेवा प्राधिकरण प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया और हेल्पलाइन के संबंध में भी जानकारी साझा की। शिविर में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष परमेश चंद्र जोशी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि कानून सुरक्षा की ढाल है। उन्होंने विधिक सहायता के प्रावधानों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। वरिष्ठ अधिवक्ता भूपेंद्र सिंह पुंडीर ने कहा कि शिक्षण संस्थानों में बाल-सुलभ माहौल होना चाहिए ताकि बच्चे बिना किसी भय या संकोच के अपनी समस्याएं साझा कर सकें। उन्होंने विभिन्न न्यायिक प्रक्रियाओं और अधिकारों की जानकारी देने के साथ ही विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति अपने मौलिक कर्तव्यों का बोध कराया। बार एसोसिएशन के संरक्षक अनूप श्री पांथरी ने दैनिक जीवन में उपयोगी महत्वपूर्ण कानूनों की सरल व्याख्या की। उन्होंने बच्चों को बाल श्रम बाल विवाह निषेध और साइबर सुरक्षा से जुड़े कानूनी पहलुओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि अधिकारों के साथ अनुशासन और कर्तव्यों का निर्वहन ही एक सजग नागरिक की वास्तविक पहचान है। शिविर में विद्यार्थियों को अपनी सुरक्षा और आत्मरक्षा के प्रति सजग रहने का संकल्प भी दिलाया गया। इस अवसर पर बार एसोसिएशन के संरक्षक अनूप श्री पांथरी अध्यक्ष परमेश चंद्र जोशी वरिष्ठ अधिवक्ता भूपेंद्र सिंह पुंडीर तहसील विधिक सेवा समिति के पीएलवी मानव बिष्ट प्रीति बिष्ट प्रियंका रॉय और पूनम हटवाल सहित एसजीआरआर पब्लिक स्कूल श्रीनगर के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन ने विधिक सेवा समिति और सभी न्यायिक एवं विधिक अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
