प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस के तहत जिला कार्यालय परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने जिला कार्यालय में उपस्थित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता अखंडता एवं सुरक्षा की शपथ दिलाई। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उन्होंने अपनी दूरदर्शिता दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल नेतृत्व से देश की विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर एक सशक्त एवं अखंड भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका जीवन हम सभी को राष्ट्र के प्रति समर्पण एकजुटता और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य देश की एकता अखंडता और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करना है। भारत की विविधता ही उसकी पहचान और ताकत है। ऐसे में हम सभी का दायित्व है कि जाति धर्म भाषा और क्षेत्र से ऊपर उठकर आपसी सद्भाव एवं सहयोग की भावना को बढ़ावा दें तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता को बनाए रखने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग मीनल गुलाटी सहायक निर्वाचन अधिकारी विपिन चंद जोशी जिला सूचना अधिकारी केएल टम्टा और पीए नीरज बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
