Spread the love

प्रदीप कुमार
लक्सर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार जनपद के लक्सर क्षेत्र के भोगपुर स्थित मंदिर में कार्यरत बुजुर्ग सेवादार राजवीर की हत्या और मंदिर में चोरी की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। 12 अप्रैल 2026 को अज्ञात व्यक्ति द्वारा सिर पर वार कर उनकी हत्या कर दी गई थी। सूचना मिलते ही कोतवाली लक्सर पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में सीओ लक्सर के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन कर घटना के जल्द खुलासे के निर्देश दिए गए। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और मैनुअल तरीकों का सहारा लेते हुए घटनास्थल के आसपास स्थित मंदिरों में हुई घटनाओं की कड़ियों को जोड़ा। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। लगातार प्रयासों के बाद 14 अप्रैल 2026 को भागने की फिराक में घूम रहे एक संदिग्ध को टांडा भागमल क्षेत्र से दबोच लिया गया। उसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल हथोड़ी और पेचकस के साथ मंदिर से चोरी किया गया इन्वर्टर और एम्पलीफायर बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी की पहचान विशाल चौधरी निवासी अलमासपुर कुंज विहार कॉलोनी थाना नई मंडी जिला मुजफ्फरनगर के रूप में हुई। उसने बताया कि वह पेशे से ड्राइवर है और शराब पीने का आदी है। 11 अप्रैल को वह अपने किराये के मकान से काम की तलाश में हरिद्वार आया था और भोगपुर में अपनी मौसी के घर रुका था। घटना की रात वह शराब के नशे में चोरी के इरादे से पेचकस और हथोड़ी लेकर पास के मंदिर में पहुंचा। मंदिर का ताला तोड़ने के दौरान बाहर खाट पर सो रहे बुजुर्ग सेवादार की नींद खुल गई और उन्होंने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। पकड़े जाने के डर से आरोपी ने उनके सिर पर हथोड़ी से वार कर दिया जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने मंदिर के अंदर से चढ़ावे के लगभग 200 रुपये और एक इन्वर्टर चोरी किया तथा पास के दूसरे मंदिर से एक एम्पलीफायर भी उठा लिया। वारदात के बाद उसने चोरी का सामान आसपास छिपा दिया और चुपचाप अपनी मौसी के घर लौटकर सो गया। अगले दिन क्षेत्र में पुलिस की बढ़ी सक्रियता देखकर वह डर गया और बिना सामान लिए मुजफ्फरनगर चला गया। बाद में चोरी का सामान लेने के लिए वह दोबारा टांडा भागमल क्षेत्र में आया जहां पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में हत्या और चोरी से संबंधित अभियोग दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की गई है। आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त हथोड़ी और पेचकस मंदिर से चोरी किया गया इन्वर्टर और एम्पलीफायर बरामद किया गया है। कम समय में ब्लाइंड मर्डर केस का सफल खुलासा करने पर क्षेत्रीय जनता ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना की। पुलिस टीम सीओ लक्सर देवेन्द्र सिंह नेगी प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी उप निरीक्षक नितिन चौहान उप निरीक्षक यशवीर सिंह नेगी हेड कांस्टेबल रियाज अली हेड कांस्टेबल पंचम प्रकाश हेड कांस्टेबल विनोद कुमार कांस्टेबल गंगा सिंह कांस्टेबल ध्वजवीर सिंह कांस्टेबल वसीम एसओजी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp