Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी चारधाम यात्रा 2026 को सुगम सुरक्षित एवं निर्बाध बनाने के उद्देश्य से बद्रीनाथ धाम यात्रा व्यवस्थाओं के लिए नामित अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) एपी अंशुमान अपने जनपद चमोली दौरे के दूसरे दिन पूरी तरह सक्रिय नजर आए। दौरे की शुरुआत ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना से हुई जहां बीकेटीसी के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती द्वारा उनका स्वागत किया गया। यहां उन्होंने शंकराचार्य की डोली एवं गरुड़ भगवान की मूर्ति के बद्रीनाथ धाम तक पहुंचने की पारंपरिक प्रक्रिया की जानकारी भी प्राप्त की जो यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके बाद एडीजी ने कोतवाली ज्योतिर्मठ का औचक निरीक्षण कर पुलिसिंग व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने परिसर की साफ-सफाई एवं अभिलेखों के रखरखाव पर संतोष व्यक्त करते हुए लंबित वाहनों के शीघ्र निस्तारण तथा फरियादियों के साथ सौम्य व्यवहार के निर्देश दिए। साथ ही आपदा उपकरणों को हर समय तैयार रखने के निर्देश भी दिए। यात्रा तैयारियों का जमीनी स्तर पर आकलन करने के लिए एडीजी ने एसपी चमोली सुरजीत सिंह पंवार के साथ ज्योतिर्मठ से लेकर बद्रीनाथ धाम तक स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मार्ग के प्रमुख पड़ावों पुलिस चौकियों और संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। पांडुकेश्वर के पास रजिस्ट्रेशन चेकिंग प्वाइंट और चौकी हनुमानचट्टी का भी निरीक्षण किया गया। बद्रीनाथ धाम पहुंचकर उन्होंने साकेत तिराहे से मंदिर परिसर तक चल रहे निर्माण कार्यों एवं मास्टर प्लान की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही मंदिर परिसर की सुरक्षा भीड़ नियंत्रण व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए। कोतवाली बद्रीनाथ का निरीक्षण कर पुलिस जवानों से संवाद किया और उन्हें श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए समर्पण भाव से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इसके उपरांत बीआरओ गेस्टहाउस में स्टेकहोल्डर्स होटल एसोसिएशन व्यापार मंडल बामणी गांव के वरिष्ठ नागरिकों एवं माणा गांव के प्रधान के साथ बैठक आयोजित की गई जिसमें स्थानीय समस्याओं और सुझावों पर चर्चा की गई। बैठक में गैस एवं ईंधन आपूर्ति पार्किंग की कमी तथा स्लाइडिंग जोन के कारण लगने वाले जाम की समस्याएं प्रमुखता से उठाई गईं। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से रात्रि में यात्रा संचालन सीमित करने का सुझाव भी दिया गया। एडीजी ने सभी सुझावों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यात्री सुविधाओं के तहत बद्रीनाथ एवं माणा क्षेत्र में पार्किंग स्थलों का निरीक्षण कर वाहनों के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एडीजी ने गोविंदघाट स्थित गुरुद्वारा पहुंचकर मत्था टेक कर आशीर्वाद लिया तथा गुरुद्वारे के मुख्य प्रबंधक से हेमकुंड साहिब यात्रा की तैयारियों को लेकर चर्चा की। इस दौरान पैदल मार्ग की सुरक्षा और श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्थाओं पर भी फीडबैक लिया गया। दौरे के अंत में ज्योतिर्मठ में व्यापार संघ टैक्सी यूनियन होटल व्यवसायियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई जिसमें चारधाम यात्रा से संबंधित व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। उपस्थित सभी लोगों के सुझावों को ध्यान में रखते हुए एडीजी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष देवेश्वरी शाह बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती आईटीबीपी के अधिकारी ब्लॉक प्रमुख अनूप नेगी विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि होटल व्यवसायी एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp